पेट्रोल पंप सिर्फ पेट्रोल-डीजल भरवाने की जगह नहीं रहेंगे, बल्कि इलेक्ट्रिक गाडिय़ों के लिए भी अहम पड़ाव बनने जा रहे हैं। महिंद्रा और हिंदुस्तान पेट्रोलियम (एचपीसीएल) की नई पार्टनरशिप के बाद देशभर के एचपीसीएल पेट्रोल पंपों पर ईवी चार्जिंग स्टेशन लगाए जाएंगे।
महिंद्रा की चार्ज इन पहल और एचपीसीएल ने मिलकर देशभर में ईवी चार्जिंग स्टेशन लगाने का फैसला किया है। इसके तहत एचपीसीएल के पेट्रोल पंपों पर चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया जाएगा।

नेटवर्क होगा मजबूत
एचपीसीएल देश की बड़ी सरकारी तेल कंपनियों में से एक है, जिसके पास 24,000 से ज्यादा पेट्रोल पंप हैं। कंपनी पहले से ही 5,400 से ज्यादा ईवी चार्जिंग स्टेशन चला रही है। ऐसे में महिंद्रा के साथ यह साझेदारी इस नेटवर्क को मजबूत बनाएगी।
ईवी यूजर्स को नहीं होगी दिक्कत
यह समझौता ऐसे समय पर हुआ है जब भारत तेजी से इलेक्ट्रिक वाहनों की ओर बढ़ रहा है। एचपीसीएल के बड़े नेटवर्क का फायदा उठाकर देशभर में तेजी से चार्जिंग स्टेशन लगाए जा सकेंगे, जिससे ईवी यूजर्स को दिक्कत नहीं होगी।
तेज होगी चार्जिंग
इन नए चार्जिंग स्टेशनों में 180केडब्ल्यू के ड्यूल गन चार्जर लगाए जाएंगे, इससे इलेक्ट्रिक कारों को जल्दी और भरोसेमंद तरीके से चार्ज किया जा सकेगा।










