कांगड़ा। धर्मशाला आबकारी नियमों की अनुपालना को पुख्ता करने के लिए आबकारी विभाग की टीम कांगड़ा जिले में ठेकों तथा अहातों का निरीक्षण करने में जुटी हुई है। सोमवार को नॉन पेमैंट ऑफ लाइसेंस फीस के चलते 42 ठेकों पर ताला जडऩे के बाद मंगलवार को टीम ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में ठेकों तथा अहातों में दबिश दी। इस दौरान ठेकों के दस्तावेज तथा मूल्य सूची लगी होने की बात की पुष्टि की गई तो वहीं अहातों को भी लाइसेंस के बिना काम न करने की चेतावनी दी गई।
जानकारी के अनुसार जिला आबकारी एवं कराधान उपायुक्त प्रेम सिंह कैथ तथा एसिस्टेंट कमिश्रर रविंद्र सिंह व विनोद खन्ना की अगुवाई में विभाग की टीमों ने विभिन्न स्थानों पर ठेकों तथा अहातों की जांच की। इस दौरान ठेकों में मौजूद स्टाफ को रेट लिस्ट सूची बाहर लगाने की अनिवार्यता के साथ एमआरपी से ज्यादा दामों में शराब न बेचने की हिदायत भी दी गई। अहाता संचालकों को बिना लाइसेंस के अहातों का संचालन न करने या फिर तत्काल अहातों को बंद करने की चेतावनी दी गई। जानकारी के अनुसार आबकारी विभाग की ये कारवाई अब कुछ दिन जारी रहेगी।
इस बारे में जानकारी देते हुए आबकारी विभाग के एसिस्टेंट कमिश्रर रविंद्र सिंह ने बताया कि मंगलवार को कांगड़ा जिला के तहत शराब के ठेकों में नियमों के पालन को लेकर निरीक्षण किया गया। इस दौरान ठेकों के बाहर शराब की मूल्य सूची लगे होने के साथ इस बात को पुख्ता किया गया कि शराब को एमआरपी से ज्यादा मूल्यों में न बेचा जाए। इसके अलावा बिना वैध लाइसेंस के अहाते चला रहे लोगों को या तो लाइसेंस लेने या फिर अहातों को बंद करने की चेतावनी मौके पर दी गई है। उन्होंने कहा कि आगामी दिनों में भी उनकी कारवाई जारी रहेगी।