अशोक ठाकुर, पठानकोट :
पंजाब के लुधियाना में गुरुवार को अदालत में ब्लास्ट हुआ है। धमाका अदालत की तीसरी मंजिल पर हुआ और इससे दीवार ढह गई। बताया जा रहा है कि 2 लोगों की मौत भी हो गई है। 4 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। यह धमाका पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के लुधियाना पहुंचने से कुछ देर पहले ही हुआ है।
बताया जा रहा है कि धमाका तीसरी मंजिल पर स्थित बाथरूम में हुआ। सूत्रों ने बताया कि एक बॉडी अभी बाथरूम में ही मौजूद है। आशंका जाहिर की जा रही है कि यह बॉडी सुसाइड बॉम्बर की है। हालांकि, अभी इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। जांच के लिए चंडीगढ़ से फॉरेंसिक टीम लुधियाना के लिए रवाना हो गई है।
आतंकी हमले का एंगल हुआ तो पूरी जांच हाथ में लेगी NIA
जांच के लिए NIA की दो सदस्यीय टीम भी चंडीगढ़ से रवाना हो चुकी है। NIA की टीम पंजाब पुलिस की फॉरेंसिक टीम के साथ मिलकर धमाके की जांच करेगी। इसमें यह भी देखा जाएगा कि क्या यह विदेशी ताकतों की हरकत तो नहीं है। अगर इसमें टेरर एंगल मिला तो फिर NIA जांच अपने हाथ में ले लेगी।
हड़ताल के चलते अदालत में भीड़ कम थी
यह धमाका तीसरी मंजिल पर कोर्ट नंबर 9 के पास बाथरूम में हुआ। धमाका होने से कोर्ट की पूरी इमारत हिल गई। इमारत की खिड़कियों के शीशे चटक गए हैं और पार्किंग में खड़ी कारें भी क्षतिग्रस्त हुईं हैं। मौके पर मौजूद लोग सिलेंडर फटने की आशंका जता रहे हैं। पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने अभी धमाके के बारे में कोई बयान नहीं दिया है। अदालत में अफरा-तफरी का माहौल है। हालांकि वकीलों की हड़ताल के चलते आम दिनों की तुलना में गुरुवार को यहां भीड़ कम थी।
आला पुलिस अधिकारी, प्रशासन के अधिकारी और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंच गया है। पुलिस बल ने कोर्ट परिसर को चारों तरफ से घेर लिया है। शहरभर में हाईअलर्ट जारी करते हुए नाकाबंद कर दी गई है। शहर में आज मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी भी एक जनसभा को संबोधित करने पहुंच रहे हैं।