ललित ठाकुर : पधर (मंडी)।
किसान विकास एवं फोरलेन संर्घष समिति की विशेष हल्ला बोल बैठक रविवार को समिति के महासचिव सोबरदत ठाकुर की अध्यक्षता में कुन्नू के नियुट्री फैक्ट्री एरिया में संपन हुई। बैठक में पधर से लेकर मंडी तक फोरलेन से प्रभावित हो रहे किसानों ने भाग लिया। बैठक में सभी किसानों ने अपने हक हकूकों की लड़ाई सरकार और प्रशासन से एकजुट होकर लड़ने का एलान किया। फोरलेन निर्माण में अधिकांश किसानों की भूमि आड़े आ रही है। ऐसे में जहां कई किसान भूमिहीन होंगे, वहीं कस्बों में छोटा मोटा व्यापार करने वाले व्यवसायी भी फोरलेन के निर्माण से उजड़ेंगे। कई किसानों के आशियाने भी फोरलेन की भेंट चढ़ेंगे।
किसानों ने बैठक में फोरलेन निर्माण में भविष्य में पेश आने वाली दिक्कतों के बारे में विस्तार से चरचा की और प्रशासन के माध्यम से सरकार तक प्रभावितों का पक्ष सही ढंग से रखने का निर्णय लिया। बैठक को संबोधित करते हुए सोबरदत ठाकुर ने कहा कि नारला से लेकर मंडी तक फोरलेन के कार्य को प्राथमिकता के आधार पर लिया जा रहा है। फोरलेन का निर्माण कार्य जल्द शुरू हो इसमें किसानों को किसी प्रकार की आपति नहीं है। प्रशासन और सरकार ने राजस्व मुहाल नारला से लेकर द्रंग तक निर्माण कार्य को शुरू करने के लिए भूमि अधिग्रहण की अधिसूचना जारी कर दी है। एसडीएम पधर के माध्यम से मुआवजे के भुगतान को भी अधिसूचना जारी कर दी गई है, जिसके लिए किसानों को भूमि का मालिकाना हक, बैंक खाते और आधार कार्ड की प्रतियां 15 दिनों के भीतर जमा करवाने को कहा है।
किसानों के मांगे गए हस्ताक्षेप भी बिना सुनवाई के निरस्त कर दिए गए हैं। संघर्ष समिति ने फोरलेन की बिना अलाइनमेंट दर्शाए भूमि का अधिग्रहण करने पर आपति जताई है। किसानों का कहना है कि नेशनल हाइवे अर्थाटी को चाहिए कि किसानों की कितनी भूमि फोरलेन के निर्माण में जा रही है मौका पर इसकी अलाइनमेंट दर्शाकर किसानों को सूचित किया जाए ताकि समय रहते सुरक्षित स्थान पर किसान रिहायशी मकानों का निर्माण कर सके। फोरलेन के निर्माण में किसानों को मिलने वाले मुआवजे में सर्किल रेट जोगिंदरनगर से मंडी तक का सभी किसानों को बराबर दिया जाए।
सर्किल रेट भी तय कर किसानों को इसकी जानकारी दी जाए। महासचिव सोबरदत ठाकुर ने कहा कि बैठक में किसानों ने अपनी तमाम जायज आपतियां विस्तार से रखी है। संघर्ष समिति के माध्यम से तमाम समस्याओं का खाका तैयार कर एसडीएम पधर को इसका ज्ञापन सौंपा जाएगा। इसके लिए संघर्ष समिति ने निर्णय लिया है कि 15 फरवरी को फोरलेन संघर्ष समिति समस्त प्रभावित किसानों की सामुहिक उपस्थिती में एसडीएम पधर को ज्ञापन सौंपेगी।