Miss Universe 2025 Finale : 74वें मिस यूनिवर्स ब्यूटी पेजेंट की विजेता मिल चुकी है। 130 देशों की सुंदरियों को हराकर मिस मेक्सिको फातिमा बॉश बनीं वर्ष 2025 की विनर। हालांकि, भारत के लोगों को बेसब्री से इंतजार था कि राजस्थान की मनिका विश्वकर्मा खिताब अपने नाम करने में जरूर सफलता हासिल कर लेंगी, लेकिन ऐसा हो न सका। मनिका टॉप 12 राउंड में भी अपनी एंट्री न कर सकीं। इससे भारत का चौथी बार मिस यूनिवर्स का खिताब जीतने का सपना चकनाचूर हो गया।
फर्स्ट रनर-अप रहीं होस्ट देश थाईलैंड की प्रवीणार सिंह। वहीं, सेकेंड रनरअप वेनेजुएला की स्टेफनी एबेसाली और और थर्ड रनर-अप फिलिपिंस की मा। एहटिसा मनालो रहीं। आपको बता दें कि इस वर्ष 74वें मिस यूनिवर्स ब्यूटी पेजेंट का आयेजन थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में हुआ। मिस यूनिवर्स का ताज अपने नाम करने के लिए इस साल दुनिया भर से 130 प्रतियोगियों ने हिस्सा लिया।
इनमें से भारत का प्रतिनिधित्व कर रही राजस्थान की मनिका विश्वकर्मा टॉप 30 में जगह बनाने में सफल रही थीं, लेकिन अफसोस कि वो इससे आगे न बढ़ सकीं।
हालांकि, मनिका विश्वकर्मा मिस यूनिवर्स के प्री-ईवेंट से ही अपनी खूबसूरती, प्यारी मुस्कान, ट्रेडिशनल लुक और पहनावे, चाल-ढाल, बोलने के अदांज से हर किसी का दिल जीत चुकी हैं।
विजेता को क्या मिलेगा?
मिस यूनिवर्स संगठन ने इस वर्ष की विजेता के लिए पुरस्कार राशि का आधिकारिक खुलासा नहीं किया है। हालांकि, रिपोर्टों के अनुसार, यह लगभग $250,000 होने की उम्मीद है। विजेता को ट्रैवल, कार्यक्रमों में उपस्थिति और अन्य ब्रांड-संबंधित प्रतिबद्धताओं के लिए हर महीने $50,000 का भत्ता भी मिल सकता है। ये सिर्फ पुरस्कार राशि तक सीमित नहीं हैं। विनर को न्यूयॉर्क सिटी में एक आलीशान घर भी दिया जाता है, जो दुनिया के सबसे महंगे गंतव्यों में से एक है। इसके अलावा, मिस यूनिवर्स का ताज भी विनर पहनती है, जिसकी कीमत लगभग $5 मिलियन है।
इस सवाल का जवाब देकर जीता मिस मेक्सिको ने ताज
मिस मेक्सिको फातिमा बॉश से 2025 में महिला होने की चुनौतियों के बारे में पूछा गया। फातिमा ने कहा कि वह अपनी आवाज का इस्तेमाल दूसरों की सेवा में करेंगी।
मेक्सिको की फातिमा बॉश ने मिस यूनिवर्स 2025 का ताज जीतकर पूरी दुनिया में अपनी खूबसूरती, आत्मविश्वास और प्रतिभा का जलवा बिखेरा है। उनका यह खिताब न केवल मेक्सिको के लिए गर्व का कारण है, बल्कि यह सभी युवाओं और महिलाओं के लिए प्रेरणा भी साबित होगा। फातिमा की यह जीत यह दिखाती है कि कड़ी मेहनत, आत्मविश्वास और अपने सपनों के प्रति समर्पण से कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है।