शिकायत के बाद तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
हरोली। थाना हरोली के तहत गांव कर्मपुर में एक शादी समारोह के दौरान हुए युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घायल का स्थानीय अस्पताल में उपचार व मेडिकल करवाया गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी शिकायत में कर्मपुर निवासी अनिल ने बताया कि वह पेशे से चालक है। वीरवार रात्रि अपनी गाड़ी घर के पास खड़ी करने के बाद शादी समारोह से लौट रहा था। इसी दौरान समारोह में मौजूद कुछ लोगों ने उसके साथ गाली-गलौच शुरू कर दी। जब उसने इसका कारण पूछा तो कुछ लोग उसे धमकाने लगे। शिकायत के अनुसार अमनदीप चौधरी, राजिंद्र कुमार और लेखराज निवासी लोअर पंजावर ने उसे सड़क पर रोककर मारपीट की। आरोप है कि मारपीट के दौरान उसके सिर और शरीर पर किसी तेज हथियार से चोट पहुंचाई गई, जिससे वह बेहोश हो गया।
बाद में परिजनों ने उसे आरोपियों के चंगुल से छुड़ाया। अनिल ने आरोप लगाया कि झगड़े के दौरान उसकी गाड़ी में रखा करीब 20 हजार रुपये नकद भी गायब हो गया। घायल को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरोली पहुंचाया गया, जहां उसका मेडिकल करवाया गया। डीएसपी हरोली मोहन रावत ने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।








