हिमाचल दस्तक। ऊना
भारतीय जनता पार्टी ने सेवा ही संगठन प्रकल्प के तहत जिला प्रशासन को स्वास्थ्य उपकरणों की एक खेप सौंपी है। भाजपा के युवा कार्यकर्ताओं ने वित्त आयोग के अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती की अगुवाई में यह उपकरण डीसी ऊना राघव शर्मा को सुपुर्द किए।
इस मौके पर डीसी ऊना ने वित्त आयोग अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती और अन्य युवाओं का इस मदद के लिए आभार जताया। सतपाल सत्ती ने भी सहयोग करने के लिए आगे आए युवाओं की मुक्तकंठ से सराहना की।
उन्होंने कहा कि यह उपकरण न केवल कोरोना वायरस से जूझ रहे मरीजों बल्कि उनकी सेवा में जुटे स्वास्थ्य कर्मचारियों के लिए भी लाभदायक सिद्ध होंगे। उन्होंने समाज के संपन्न वर्गों से आह्वान किया कि संक्रमित लोगों की मदद के लिए आगे आएं। इस खेप में युवा कार्यकर्ताओं ने 50 पल्स ऑक्सीमीटर, 50 ऑक्सीजन रेगुलेटर, 200 एनआरएम मास्क और 100 फेस शील्ड प्रदान किए।
सतपाल सत्ती ने कहा कि भाजपा द्वारा सेवा ही संगठन प्रकल्प की शुरुआत की गई है जिसके तहत न केवल संक्रमण से जूझ रहे मरीजों बल्कि समाज में आवश्यक वस्तुओं से वंचित चल रहे लोगों की मदद के लिए कार्यकर्ता नियमित प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह उपकरण न केवल कोविड-19 से जूझ रहे मरीजों के इलाज में सहायक सिद्ध होंगे, बल्कि उनके इलाज में जुटे स्वास्थ्य कर्मचारियों की सुरक्षा में भी काफी सहायक बनेंगे।