ऊना। शुक्रवार सुबह अतिरिक्त उपायुक्त ऊना महेंद्र पाल गुर्जर के सरकारी आवास से अचानक धुआं निकलता दिखाई दिया। देखते ही देखते आग ने ऊपर की मंजिल पर बने एक कमरे को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया। इस दौरान कमरे में रखा बेड, एलईडी टीवी और अन्य घरेलू सामान पूरी तरह जल गया।
घटना के समय एडीसी घर पर मौजूद नहीं थे जबकि उनका परिवार निचली मंजिल पर था और सुरक्षित बाहर निकल आया। आग लगते ही आसपास के घरों में अफरा-तफरी मच गई।
आग की सूचना मिलते ही ऊना दमकल विभाग की टीम प्रभारी अशोक राणा के नेतृत्व में मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत कर आग को दूसरे हिस्सों तक फैलने से रोक लिया। विभाग के अनुसार, अगर कुछ देर और लग जाती तो नुकसान और बड़ा हो सकता था।
हालांकि प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। एडीसी महेंद्र पाल गुर्जर ने बताया कि आगजनी में ऊपरी मंजिल के कमरे का लगभग सारा सामान नष्ट हो गया है। प्रशासन और दमकल विभाग मामले की विस्तृत जांच कर रहे हैं ताकि आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।