हिमाचल दस्तक ब्यूरो। शिमला:
बर्फबारी के कारण हिमाचल की चोटियां एक बार फिर से ढक गई हैं। प्रदेश के कई जिलों में भारी बर्फबारी दर्ज की गई है। प्रदेश में जहां लाहौल स्पीति, किन्नौर, कुल्लू, चंबा, शिमला, मंडी और सिरमौर जिले में बर्फबारी दर्ज की गई है, तो सोलन शहर में भी कई वर्षों के बाद हिमपात हुआ है।
इसके अलावा प्रदेश के बिलासपुर, हमीरपुर, ऊना और कांगड़ा जिलों जमकर बारिश हुई है।प्रदेश में हुई बारिश व बर्फबारी से जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित है। प्रदेश में 5 एनएच समेत 879 सड़कें बंद हैं। लाहौल स्पीति व किन्नौर जिले में लगभग सभी सड़कंे बंद हो गई हैं। इसके कारण इन जिलों से संपर्क कट गया है। अन्य जिलों में भी कई सड़कें बंद हैं, जिसके चलते यातायात बंद हो गया है। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली के खंबे गिरने और तारों के टूटने से आपूर्ति बाधित है। बर्फबारी के कारण तापमान में भी गिरावट आ गई है। इससे जहां ठंड का प्रकोप बढ़ गया है, तो वहीं कई क्षेत्रों में जल स्त्रोत भी जम गए हैं। खराब मौसम के चलते कांगड़ा शिमला और कुल्लू में उड़ाने भी नहीं हो पाई हैं।
कल-परसों मौसम साफ
मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार भारी बारिश व बर्फबारी को लेकर प्रदेश में जारी अलर्ट अब हट गया है। आज प्रदेश के निचले व ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मौसम साफ रहने की संभावना है तो वहीं मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बारिश हो सकती है। शुक्रवार और शनिवार को मौसम साफ रहने का अनुमान है। वहीं 12 जनवरी को बर्फबारी व बारिश को लेकर फिर से येलो अलर्ट जारी कया गया है।
सड़कें बंद
शिमला जोन 563
मंडी जोन 174
हमीरपुर जोन 00
कांगड़ा जोन 137
एनएच 05
जेसीबी लगीं
शिमला जोन 237
मंडी जोन 82
हमीरपुर जोन 00
कांगड़ा जोन 76
एनएच 30
ट्रांसफॉर्मर बंद
शिमला 94
चंबा 86
कुल्लू 12
मंडी 01
कहां कितनी बर्फबारी
कुफरी 35 सेमी
मनाली 22 सेमी
शिमला 20 सेमी
बंजार 13 सेमी
केलंग 08 सेमी
नुकसान
शिमला जोन 8.5 करोड़
मंडी जोन 9.6 करोड़
हमीरपुर 00
कांगड़ा जोन 62.6 करोड
लोनिवि को नुकसान 83.75 करोड़
जल्द बहाल करें आवश्यक सेवाएं
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सभी जिलों के उपायुक्तों और संबंधित अधिकारियों को राज्य में हिमपात के कारण बाधित सभी आवश्यक सेवाओं को शीघ्र बहाल करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को बर्फबारी के कारण बाधित सभी प्रमुख सड़कों को शीघ्र बहाल करने के निर्देश दिए। अस्पतालों और अन्य आवश्यक सुविधाओं के लिए जाने वाली सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर बहाल किया जाए। मुख्यमंत्री ने राज्य विद्युत बोर्ड के अधिकारियों को विद्युत आपूर्ति बाधित क्षेत्रों में आपूर्ति जल्द बहाल करने के निर्देश दिए। आईपीएच को भी बाधित जलापूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए उचित कदम उठाने के निर्देश दिए।