हिमाचल दस्तक ब्यूरो। नाहन
नाहन वन मंडल के तहत जमटा रेंज की तालों बीट वन क्षेत्र में 72वां वन महोत्सव मनाया गया। मंडल स्तर पर आयोजित किए गए इस वन महोत्सव का कार्यक्रम स्वर्णिम वाटिका के शुभारंभ के साथ हुआ। इसमें बतौर मुख्य अतिथि पूर्व विधानसभा अध्यक्ष व स्थानीय विधायक डॉ. राजीव बिंदल मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि डॉ. राजीव बिंदल के द्वारा 72वें वन महोत्सव के अवसर पर स्वर्णिम वाटिका परिसर में गुलमोहर का पौधा लगाया गया। डॉ. राजीव बिंदल ने बताया कि स्वर्णिम वाटिका मुख्यमंत्री की वह योजना है जिसके तहत हर विधानसभा क्षेत्र में 1 -1 स्वर्ण वाटिका बनाई जानी है।
उन्होंने बताया कि इसका मुख्य उद्देश्य वन क्षेत्र के विशेष एरिया का ब्यूटीफिकेशन किया जाना है। इसके तहत हर स्वर्ण वाटिका में 1 हेक्टेयर भूमि के अंदर 800 प्लांट लगाए जाने हैं।
उन्होंने बताया कि स्वर्णिम वाटिका में सीनियर सिटीजन को बैठने के लिए बेंच व वॉकिंग के लिए 400 मीटर की वॉकिंग ट्रेल बनाई गई है। उन्होंने बताया कि इस स्वर्ण वाटिका में पर्यावरण संरक्षण का तथा वनों को संरक्षित करने का मूलभूत उद्देश्य फलीभूत होता है, जिसमें कोई भी सीनियर सिटीजन यादगार में पेड़ लगाकर वहां अपनी नेम प्लेट भी लगा सकता है।
पूर्व विधानसभा अध्यक्ष व विधायक ने बताया कि वन विभाग द्वारा इस वर्ष बरसात सीजन में 10,0000 पौधे लगाए जाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया कि किसानों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से 50,000 नींबू के पौधे स्वयं सहायता समूह के द्वारा लगाए जाएंगे। इस महत्वपूर्ण कार्य में स्वयं सहायता समूह के साथ पंचायत प्रतिनिधियों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी तथा यह पौधे निशुल्क दिए जाएंगे।
डॉ. बिंदल का कहना है कि नींबू नाहन विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत जलवायु की दृष्टि से काफी उपयुक्त पाया गया है। उन्होंने बताया कि नींबू एक ऐसी फसल है जिसको बंदरों से भी नुकसान नहीं पहुंचता है।
उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए यादगार स्वरूप परिवार के हर सदस्य को पौधा लगाना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि वन्य पौधों के अलावा हमें औषधीय पौधों को लगाए जाने की और भी ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार शिमला, कुल्लू और और किन्नौर आदि क्षे़त्र विश्व स्तर पर ‘‘फ्रुट बाउल’’ के रूप में बागवानों की आर्थिकी का आधार बना है, निश्चित ही जिस मेहनत और लगन के साथ इस विधानसभा क्षेत्र में कार्य किया जा रहा है। आने वाले समय में नाहन का नाम भी नींबू की पैदावार को लेकर किसानों की मजबूत आर्थिकी के रूप में जाना जाएगा।
इस कार्यक्रम के दौरान जिला भाजपा अध्यक्ष विनय गुप्ता, ग्राम सेन की सैर रेखा देवी, डीएफओ नाहन, वन मंडल सौरभ, रेंज ऑफिसर ईश्वर चंद शर्मा, बीओ सुरेंद्र कुमार, फॉरेस्ट गार्ड नायब सिंह के अलावा वार्ड मेंबर संजीव कुमार, उप प्रधान सत्येंद्र ठाकुर, मीना कुमारी, दीपा देवी मुख्य रूप से उपस्थित थे। इस दौरान सेन की सैर पंचायत की प्रधान रेखा देवी के द्वारा वरिष्ठ नागरिक भीमानंद के द्वारा एक पौधा भी लगाया गया।