हमीरपुर, 11 अगस्त। भवन निर्माण एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव सिंह कंवर ने खुलासा किया है कि विधानसभा चुनाव से पहले के कुछ महीनों में प्रदेश में करीब 70 हजार श्रमिक पंजीकृत हुए और अप्रैल 2021 से अक्तूबर 2022 के बीच लगभग 171.61 करोड़ रुपये का वित्तीय लाभ वितरित किया गया। इसमें अकेले जिला हमीरपुर में 52.42 करोड़ रुपये की राशि वितरित हुई। लाभ लेने वालों में कई साधन-संपन्न लोग भी शामिल थे, जिससे पात्र एवं जरूरतमंद श्रमिक वंचित रह गए हैं।
उन्होंने बताया कि कार्यभार संभालते ही सभी पंजीकृत श्रमिकों की ई-केवाईसी ‘हिम परिवार पोर्टल’ के माध्यम से शुरू की गई। जिसमें की कई अपात्र लोग सामने आए, जिन्होंने गलत तरीके से लाखों रुपये लिए। हमीरपुर जिले में ऐसे 12 लोगों पर एफआईआर दर्ज हुई है, जिनमें से दो ने करीब 2 लाख रुपये लौटा दिए हैं।
कंवर ने चेतावनी दी कि गलत तरीके से लाभ लेने वालों को 10 साल तक की सजा हो सकती है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के निर्देश पर बोर्ड की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता लाने और योजनाओं का लाभ केवल पात्र श्रमिकों तक पहुंचाने के लिए सभी जिलों के श्रमिक कल्याण अधिकारियों व मोटिवेटरों को सख्त निर्देश जारी किए गए हैं।