नरेश राणा। गगल
पुलिस थाना गगल के अंतर्गत रजोल गांव में उस समय हर कोई हतप्रभ रह गया, जब 32 वर्षीय एक विवाहिता का शव उसके मायके के ही घर में लटकता हुआ पाया गया।
ग्राम पंचायत रजोल के प्रधान इंद्रजीत तथा उपप्रधान सुदर्शन कटोच ने बताया कि 32 वर्षीय कावेरी देवी की शादी 3 वर्ष पूर्व पास के ही गांव भडियाड़ा में हुई थी। महिला का 2 वर्ष का एक बेटा भी है। कावेरी कुछ दिन पूर्व मायके रहने आई थी।
घटना की जांच कर रहे गगल पुलिस थाना प्रभारी का कहना है कि अभी यह नहीं कहा जा सकता कि यह हत्या का मामला है या आत्महत्या का। घटना की छानबीन करने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। दूसरी ओर मृतका की मां सुलोचना देवी ने बेटी के ससुराल वालों पर दहेज के नाम पर प्रताडि़त करने के आरोप लगाए हैं।
सुलोचना देवी का कहना है कि बेटी के ससुराल वाले अकसर उसे दहेज के लिए तंग करते थे। उनकी बेटी बीकॉम, एमबीए थी तथा इस तरह का कदम हरगिज नहीं उठा सकती। यह कोई ससुराल पक्ष की साजिश है। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।