गगरेट। गगरेट पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए दो युवकों को 2.59 ग्राम चिट्टा सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बरामद नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक गगरेट पुलिस टीम वीरवार शाम को क्षेत्र में गश्त कर रही थी। जब पुलिस टीम होशियारपुर रोड पर वन निरीक्षण चौकी के समीप पहुंची, तो सड़क किनारे एक बाइक खड़ी दिखाई दी। बाइक के पास दो युवक मौजूद थे, जो मोटरसाइकिल की सीट खोलकर उसमें कोई वस्तु छिपाते हुए नजर आए। पुलिस वाहन को देखते ही दोनों युवक घबरा गए। शक के आधार पर दोनों युवकों से पूछताछ की गई।
युवकों की पहचान आदित्य तथा चंदन घई निवासी कांगड़ा के रूप में हुई। तलाशी के दौरान बाइक की पिछली सीट के नीचे से चिट्टा बरामद हुआ। डीएसपी अंब अनिल पटियाल ने बताया कि पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।







