पंचायत चुनाव से पहले शराब तस्करी पर शिकंजा
गगरेट। पंचायत चुनाव के बीच क्षेत्र में शराब तस्करी का नेटवर्क भी सक्रिय हो गया है। गगरेट पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पंजाब से तस्करी कर लाई जा रही शराब की बड़ी खेप बरामद की है। पुलिस ने एक लग्जरी कार से 15 पेटी अवैध शराब बरामद कर चालक को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि पंचायत चुनाव को प्रभावित करने के उद्देश्य से इस शराब का इस्तेमाल किया जाना था।

जानकारी के अनुसार गगरेट पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि पंजाब से अवैध रूप से शराब की खेप हिमाचल लाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस ने आबकारी विभाग को भी अवगत करवाया और शिवबाड़ी-अंबोटा मार्ग पर नाका लगा दिया। इसी दौरान एक हुंडई वेन्यू कार को जांच के लिए रोका गया। पुलिस ने जब कार की तलाशी ली तो उसमें से दस पेटी रॉयल स्टैग और पांच पेटी मैकडॉवेल नंबर वन शराब बरामद हुई। बरामद शराब पर स्पष्ट रूप से अंकित था कि यह केवल पंजाब में बिक्री के लिए अधिकृत है तथा इसकी ड्यूटी हिमाचल सरकार को अदा नहीं की गई थी। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि पंजाब से सस्ते दामों पर शराब लाकर हिमाचल में खपाने का अवैध कारोबार लगातार बढ़ रहा है, जिससे सरकार को राजस्व का भारी नुकसान हो रहा है।
पंचायत चुनाव के मद्देनजर शराब तस्करों की गतिविधियां और तेज होने की आशंका जताई जा रही है। माना जा रहा है कि बरामद की गई शराब का इस्तेमाल पंचायत चुनाव में मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए किया जा सकता था। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि आरोपी किसी प्रत्याशी या अन्य लोगों के संपर्क में था या नहीं।
आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज
गगरेट पुलिस ने आबकारी निरीक्षक गगरेट प्रदीप कुमार और आबकारी निरीक्षक अंब राकेश रेहालिया की मौजूदगी में आरोपी विपिन कुमार निवासी चुरूडू, उपमंडल अंब को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस चुनाव के दौरान अवैध गतिविधियों पर कड़ी नजर बनाए हुए है। क्षेत्र में नाकाबंदी बढ़ा दी गई है और शराब तस्करी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।-अनिल पटियाल, डीएसपी।








