हिमाचल दस्तक। गगरेट
उपमंडल गगरेट के तहत संघनेई गांव में कैंसर से पीडि़त एक महिला की मौत होने पर उसकी 20 वर्षीय बेटी ने दुखी होकर जहर निगल लिया, जिसमें बेटी की मौत हो गई। पुलिस ने इस संबंध केस दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार गांव संघनेई के वार्ड नंबर 6 की एक महिला पिछले 2 साल से कैंसर की बीमारी से पीडि़त थी। डॉक्टरों ने उसे इलाज से इंकार कर दिया था और अब परिजन घर पर ही महिला की देखभाल कर रहे थे, जहां महिला की मंगलवार देर रात मौत हो गई।
महिला की 20 वर्षीय बेटी ये सदमा सहन नहीं कर पाई और उसी सदमे के चलते उसने जहर निगल लिया। युवती को गंभीर अवस्था में स्थानीय सिविल अस्पताल गगरेट ले जाया गया, जहां पर उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे क्षेत्रीय अस्पताल ऊना भेज दिया गया। यहां पर युवती की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
ग्राम पंचायत प्रधान त्रिलोक कुमार ने बताया की महिला 2 साल से कैंसर से पीडि़त थी, देर रात उसकी मौत के बाद से लड़की की भी अचानक तबीयत खराब होने लगी, जिस पर उसके परिजन उसे अस्पताल ले गए और वहां पर उसने दम तोड़ दिया। एसपी ऊना अर्जित सेन ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।