घुमारवीं । बिलासपुर जिले के घुमारवीं उपमंडल से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। यहां एक 13 वर्षीय किशोर ने फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। महज 13 साल की उम्र में 7वीं कक्षा के छात्र द्वारा इतना खौफनाक कदम उठाए जाने से परिवार सदमे में है।

जानकारी के अनुसार यह घटना बीते सोमवार शाम की है। किशोर अपने कमरे में अकेला था। जब काफी देर तक हलचल नहीं हुई, तो परिजनों ने कमरे में जाकर देखा। वहां का मंजर देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई, किशोर फंदे से लटका हुआ था। परिजनों ने आनन-फानन में उसे फंदे से उतारा और तुरंत इलाज के लिए सिविल अस्पताल घुमारवीं ले गए। अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने किशोर को मृत घोषित कर दिया। इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।
पुलिस टीम ने शुरू की जांच
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। मंगलवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसे अंतिम संस्कार के लिए परिजनों के हवाले कर दिया है। इस घटना में सबसे बड़ी हैरानी की बात यह है कि पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।
पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया है और वहां से जरूरी साक्ष्य जुटा लिए हैं। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की गहनता से छानबीन कर रही है।-विशाल वर्मा, डीएसपी, घुमारवीं।








