पुलिस ने मौके से मिली बाइक को कब्जे में लेकर शुरू की जांच
बंगाणा। उपमंडल बंगाणा के कोलका स्थित गोबिंद सागर झील में एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक युवक की पहचान गगनदीप पुत्र रोशन लाल निवासी अघार, जिला हमीरपुर के रूप में हुई है। पुलिस को मौके पर एक बाइक भी खड़ी मिली, जो कि जिला मंडी के सरकाघाट की है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंच शव को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक शुक्रवार सुबह गोबिंद सागर झील में स्थानीय लोगों ने एक शव तैरता हुआ देखा, जिसके बाद इसकी सूचना तुरंत प्रशासन और पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस व प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और लोगों की मदद से शव को झील से बाहर निकाला गया। हालांकि शुरुआत में झील में दिखाई देने वाली वस्तु को लेकर संशय बना हुआ था, लेकिन जांच के दौरान यह मानव शव निकला। मृतक युवक की पहचान गगनदीप निवासी हमीरपुर के रूप में हुई है। पुलिस को मौके पर एक बाइक भी खड़ी मिली।
जानकारी के अनुसार यह बाइक मंडी जिला में रहने वाले मृतक के किसी रिश्तेदार की बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है। अभी तक युवक की मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मामला आत्महत्या, हादसा या किसी अन्य कारण से जुड़ा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार भाटिया का कहना है कि मृतक के परिजनों से संपर्क किया जा रहा है। घटना की जांच शुरू कर दी गई है।








