मंडी (गोहर)। उपमंडल गोहर में पीलिया का कहर लगातार बढ़ता ही जा रहा है। वीरवार को उपमंडल गोहर की ग्राम पंचायत नेहरा के रोड़ी गांव में एक 19 वर्षीय नवविवाहिता की पीलिया के कारण दुखद मौत हो गई है। मृतिका की पहचान सानिया कुमारी पत्नी सोरभ के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार मृतिका को एक सप्ताह पहले पीलिया के इलाज के लिए आदर्श नागरिक स्वास्थ्य केंद्र गोहर में लाया गया जहां पर उसका इलाज शुरू किया गया, मगर उसकी स्थिति में सुधार न होने के कारण चिकित्सकों ने उसे लाल बहादुर शास्त्री मेडिकल कॉलेज नेरचौक रेफर कर दिया। वहां पर भी उसकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ उसकी बिगड़ती हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने वहां से उसे एम्स बिलासपुर के लिए रेफर कर दिया।
गत दिवस ही मृतिका सानिया को एम्स ले जाया गया, मगर वहां से चंडीगढ़ ले गए मगर चंडीगढ़ पहुंचते ही उसकी हालत बहुत ज्यादा बिगड़ गई और वह पीलिया से जंग हार गई।
गौरतलब है कि सानिया राजकीय महाविद्यालय बासा में बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा थी और उसकी शादी ऊना में हुई थी मगर उच्च शिक्षा ग्रहण करने के लिए वह अपने पति के साथ पति के ननिहाल रोड़ी गांव में ही रह रही थी। जिला चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर दीपाली शर्मा ने बताया कि उपमंडल गोहर में पीलिया के केस लगातार बढ़ते जा रहे हैं। मगर अब पहले से स्थिति काफी नियंत्रण में है।








