राशन डिपुओं में अब सामान बदलेगा। दाल, आटा चावल के अलावा रोजमर्रा की वस्तुएं दी जाएंगी। इससे लोगों को दूकानों में महंगा सामान नहीं लेना पड़ेगा। उचित मूल्यों की दूकानों में अब शहद, ग्लूकोज से लेकर दंत मंजन और डाबर तेल सहित अन्य रोजमर्रा वस्तुएं उपलब्ध होंगी। खाद्य आपूर्ति निगम ने डाबर और टाटा कंपनी के अधिकारियों को रजिस्ट्रेशन के लिए पत्र जारी किया है। दोनों कंपनियों से सिक्योरिटी जमा करने की बात कही गई है। एक सप्ताह में इन्हें हिमाचल में रोजमर्रा की वस्तुएं उपलब्ध करवाने को कहा है।
10 फीसदी कम रेट पर सुविधा
राशनकार्ड उपभोक्ताओं को यह सामान एमआरपी से 10 फीसदी कम रेट पर उपलब्ध होगा। यानी 100 रुपये की वस्तु 90 रुपये में उपलब्ध होगी। टाटा और डाबर कंपनी को सामान की लिस्ट भी जारी की गई है।
डाबर कंपनी हिमाचल में ग्लूकोज, चूरण, हींग, रेड जैल, डाबर हनी, हाजमोला कैंडी, दंत मंजन, ट्रूथ ब्रश, डाबर तेल, कोको नेट की सप्लाई करेगी। टाटा कंपनी चाय और मसालों की सप्लाई करेगी। दोनों कंपनियों को आटा, सूजी की सप्लाई करने के लिए भी कहा गया है।
्र
खाद्य आपूर्ति मंत्री राजिंद्र गर्ग ने बताया कि बाजार मूल्य से सस्ता सामान उपलब्ध होने से उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी। कंपनियां एमआरपी से 10 फीसदी कम रेट पर सामान देने को तैयार हैं।