नगर निगम शिमला ने शनिवार को लोअर बाजार में अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। निगम की गाड़ी ने बाजार में दो बार चक्कर लगाकर निरीक्षण किया और दुकानों के बाहर रखा गया सामान जब्त कर लिया। कार्रवाई के दौरान दुकानदारों में हडक़ंप मच गया और कई जगह अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला।
नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के आदेशों के तहत चलाया जा रहा है। कोर्ट ने साफ निर्देश दिए हैं कि बाजारों में किसी भी प्रकार का अतिक्रमण नहीं होना चाहिए, ताकि आपातकालीन स्थिति में एंबुलेंस और अग्निशमन की गाडिय़ां आसानी से बाजार से गुजर सकें।
संयुक्त आयुक्त भुवन शर्मा ने बताया कि अतिक्रमण के मामलों पर निगम की ओर से नियमित रूप से निगरानी रखी जाती है। आज जिन दुकानदारों का सामान जब्त किया गया है। उनका सामान निर्धारित नियमों के अनुसार जुर्माना जमा करने के बाद ही लौटाया जाएगा।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि बार.बार नियम तोडऩे वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और भविष्य में भारी जुर्माना लगाया जा सकता है। नगर निगम का उद्देश्य शहर में सुगम यातायात व्यवस्था और साफ.सुथरा बाजार वातावरण बनाए रखना है।