सिरमौर: हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर के नाहन तहसील के अंतर्गत एक सरकारी स्कूल के शिक्षक पर स्कूल की छात्रा से छेड़छाड़ के आरोप लगे हैं। पुलिस ने तुरंत केस दर्ज कर आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया है, जिसे अदालत ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं, अब आरोपी शिक्षक का निलंबन भी तय माना जा रहा है।
पुलिस के अनुसार महिला पुलिस थाना नाहन में एक महिला ने गत 7 जुलाई को शिकायत दर्ज करवाई कि उसकी बेटी 7वीं कक्षा में सरकारी स्कूल में पढ़ती है। शिकायत में आरोप लगाया कि शिक्षक ने स्कूल में योगा सिखाते समय उनकी बेटी से छेड़छाड़ की। साथ ही शिक्षक ने पीड़ित छात्रा को यह धमकी भी दी कि यदि उसने यह बात किसी को बताई तो वह स्कूल से उसका नाम काट देगा। जैसे ही इस मामले का परिजनों को पता चला तो तुरंत इसकी पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई गई।
पुलिस ने शिक्षक को किया गिरफ्तार
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि ‘महिला की शिकायत पर बीएनएस की संबंधित धाराओं और पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया, जिसे अदालत में पेश किया गया। अदालत से 22 जुलाई तक आरोपी शिक्षक को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।’
पहले भी सामने आ चुके हैं इस तरह के मामले
गौरतलब है कि पिछले महीने जून माह में जिला सिरमौर के राजगढ़ और पच्छाद उपमंडलों के दो अलग-अलग सरकारी स्कूलों में भी छात्राओं के साथ यौन उत्पीड़न के मामले सामने आए थे। राजगढ़ के एक सरकारी स्कूल में 24 छात्राओं ने स्कूल के एक शिक्षक पर यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोप जड़े थे, जिसके बाद पुलिस ने न केवल उसे गिरफ्तार किया, बल्कि शिक्षा विभाग द्वारा भी उसे सस्पेंड कर दिया गया।
इसके चंद दिनों के बाद ही पच्छाद उपमंडल के एक सरकारी स्कूल की करीब 6 छात्राओं ने भी स्कूल के ही एक शिक्षक के खिलाफ यौन उत्पीड़न की शिकायत पुलिस में दर्ज करवाई। अब यह तीसरी घटना छात्रा के साथ सामने आई है। हालांकि इस मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन शिक्षा के मंदिर में इस तरह की घटनाओं ने शिक्षा विभाग की भी नींद जरूर उड़ाकर रख दी है।








