हिमाचल दस्तक। कुल्लू
अंतर्राष्ट्रीय दशहरा उत्सव के उपलक्ष्य पर आयोजित तीन दिवसीय ग्रामीण खेल उत्सव और उत्तर क्षेत्रीय वालीबाल प्रतियोगिता शुक्रवार को संपन्न हो गई। समापन अवसर पर वन, परिवहन, युवा सेवाएं और खेल मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने विजेताओं को दशहरा खेल समिति के नकद पुरस्कारों के अलावा अपनी ओर से भी लाखों के इनाम देने की घोषणा की।
उत्तर क्षेत्रीय वालीबाल प्रतियोगिता हिमाचल डाक सर्कल की टीम ने जीती। जबकि पंजाब के मस्ताना साहिब की टीम उपविजेता रही। विजेता टीम को 61,000 रुपए नकद और ट्राफी प्रदान की गई। उपविजेता को 51,000 रुपए और ट्राफी दी गई। आल राउंड बैस्ट प्लेयर मस्ताना साहिब के कुलदीप को 5000 रुपए का नकद पुरस्कार दिया गया। गोविंद सिंह ने दोनों टीमों को अपनी ओर से भी 25-25 हजार रुपए देने की घोषणा की।
ग्रामीण खेल उत्सव वालीबाल प्रतियोगिता के फाइनल में न्यूली ने अलेउ को हराया। अलेउ के निखिल बेस्ट लिफ्टर और न्यूली के विक्की बेस्ट अटैकर रहे। कबडडी में बबेली ब्वायज विजेता और बाशिंग उपविजेता बनी। पुष्पेंद्र बेस्ट रेडर और अजय बेस्ट कैचर रहे। महिला कबडडी में काईस की लड़कियां विजेता और थरास की उपविजेता बनीं। वन मंत्री ने कबडडी की अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी कविता ठाकुर और पूजा वर्मा को भी विशेष रूप से सम्मानित किया तथा इन्हें भी अपनी ओर से प्रोत्साहन राशि देने का एलान किया।
इस अवसर पर दशहरा खेल समिति के संयोजक एसपी गौरव सिंह, हिमबुनकर एवं जिला वालीबाल एसोसिएशन के अध्यक्ष शिव शरण चौहान, जिला खेल अधिकारी विजय कुमार, अन्य विभागों के अधिकारी, विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारी, दशहरा खेल समिति के गैर सरकारी सदस्य और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।
Discussion about this post