हिमाचल दस्तक, स्पेशल। भारत की पावन धरती ने समय-समय पर ऐसे महापुरुषों को जन्म दिया है, जिन्होंने अपने जीवन और बलिदान से मानवता को नई दिशा दी। उन्हीं में से एक हैं सिखों के नवें गुरु, श्री गुरु तेग़ बहादुर जी। उनका जीवन केवल सिख समुदाय के लिए नहीं, बल्कि पूरे मानव समाज के लिए एक आदर्श है। उन्होंने उस समय के धार्मिक अत्याचार और जबरन धर्म परिवर्तन की नीतियों के सामने सत्य, धर्म और मानव अधिकारों की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए।
प्रारंभिक जीवन और आध्यात्मिकता की राह
गुरु तेग़ बहादुर जी का जन्म 1 अप्रैल 1621को अमृतसर में गुरु हरगोबिंद साहिब जी के घर हुआ। बचपन का नाम “त्याग मल” था। अपने पिता की तरह वे भी धैर्य, विवेक और शौर्य के प्रतीक थे। उन्होंने तलवार चलाना भी सीखा और अध्यात्म की गहराइयों में भी डूबे रहे।
“तेग़ बहादुर” नाम उन्हें उनके असाधारण पराक्रम के कारण मिला… ‘तेग़’ अर्थात तलवार, और ‘बहादुर’ अर्थात साहसी। यह नाम उनके व्यक्तित्व का सटीक परिचय था — एक ऐसे संत योद्धा का, जो अन्याय के विरुद्ध खड़ा हुआ और सत्य की रक्षा में डटा रहा।
गुरु गद्दी और समाज सुधार की दिशा
गुरु हरकृष्ण जी के पश्चात 1664 में जब गुरु तेग़ बहादुर जी को सिखों का नवां गुरु बनाया गया, तब उन्होंने सिख समुदाय को एक नई दिशा दी। वे समानता, सेवा, सहिष्णुता और सत्यनिष्ठा के समर्थक थे।
उन्होंने लोगों को भय और अत्याचार के विरुद्ध खड़े होने का साहस दिया। उनके प्रवचनों और बाणी में जीवन का गहरा दर्शन झलकता है …. “भय काहू को देत नहि, नहि भय मानत आन।” अर्थात न किसी को भय देना, न किसी से भय मानना…. यही उनके जीवन का मूल संदेश था।
बलिदान का अमर अध्याय
गुरु तेग़ बहादुर जी की शहादत भारतीय इतिहास का वह अध्याय है, जिसने धर्म, मानवता और आत्मसम्मान की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान की मिसाल कायम की। सिखों के नवें गुरु, गुरु तेग़ बहादुर जी ने 17वीं शताब्दी में उस समय अपना शीश अर्पित किया जब मुगल शासक औरंगज़ेब ने जबरन धर्म परिवर्तन की नीति अपनाई थी।
कश्मीर के पंडित और ब्राह्मण अत्याचारों से त्रस्त होकर जब आनंदपुर साहिब पहुंचे और उन्होंने अपनी व्यथा सुनाई, तो गुरु जी ने निडर होकर कहा-यदि किसी एक व्यक्ति के बलिदान से सैकड़ों की आस्था बच सकती है, तो यह सिर देने में भी सौभाग्य है।” इसके बाद गुरु जी दिल्ली ले जाए गए, जहां उन्हें धर्म परिवर्तन के लिए बाध्य किया गया, पर उन्होंने स्पष्ट कहा कि वे धर्म बदलने के बजाय अपना जीवन न्योछावर कर देंगे।
उनके साथियों….भाई मती दास, भाई सती दास और भाई दयाला को क्रूरतापूर्वक शहीद कर दिया गया, पर किसी ने भी आस्था से समझौता नहीं किया। अंततः 24 नवंबर 1675 को दिल्ली के चांदनी चौक में गुरु तेग़ बहादुर जी को सार्वजनिक रूप से सिर काटकर शहीद कर दिया गया।
कहा जाता है कि उस दिन दिल्ली की हवा भी रो पड़ी थी, पर उनकी आत्मा मुस्करा रही थी….क्योंकि उन्होंने धर्म, सत्य और मानवता की रक्षा की थी।
लाखी शाह वंजारा ने उनका शीश चुपचाप लेकर अपने घर में अग्नि लगाकर संस्कार किया, जबकि देह का संस्कार कीरतपुर साहिब में हुआ। गुरु तेग़ बहादुर जी का यह बलिदान केवल सिख धर्म नहीं, बल्कि समूचे भारत की आत्मा का गौरव बन गया।
उन्होंने साबित किया कि सच्चा धर्म तलवार के डर से नहीं झुकता, और जो सिर सत्य की रक्षा में कट जाए, वह सदा के लिए अमर हो जाता है।
गुरु तेग़ बहादुर जी की शिक्षाएं
गुरु जी ने अपने ग्रंथों और प्रवचनों में जीवन के गहन सत्य बताए। उनके उपदेश हमें सिखाते हैं कि धर्म का सार किसी विशेष पूजा पद्धति में नहीं, बल्कि सत्य, करुणा और मानवता की भावना में निहित है। उनकी बाणी ‘गुरु ग्रंथ साहिब’ में संकलित है, जिसमें वे आत्मज्ञान, विरक्ति और सच्चे जीवन की महत्ता बताते हैं।
उन्होंने कहा…
“जो नारायण को मन बसावे, सोई साधु कहावै।” अर्थात जो व्यक्ति ईश्वर को अपने भीतर अनुभव करता है, वही सच्चा संत है।
गुरु तेग़ बहादुर जी का बलिदान केवल धार्मिक स्वतंत्रता की रक्षा के लिए नहीं था, बल्कि यह मानवाधिकारों और विचारों की स्वतंत्रता की भी घोषणा थी।
आज जब समाज में असहिष्णुता, विभाजन और स्वार्थ की प्रवृत्तियां बढ़ रही हैं, तब गुरु जी का जीवन हमें याद दिलाता है कि सच्चा धर्म वही है जो सबको जोड़ता है, किसी को तोड़ता नहीं।
उनकी प्रेरणा से हमें यह सीख मिलती है कि अन्याय और अत्याचार के विरुद्ध खड़े होना केवल अधिकार नहीं, बल्कि कर्तव्य भी है।
गुरु तेग़ बहादुर जी का बलिदान भारतीय इतिहास में स्वर्णाक्षरों में अंकित है। उनका जीवन हमें यह प्रेरणा देता है कि सच्चा धर्म किसी भी कीमत पर झुकना नहीं जानता। उनका आदर्श आने वाली पीढ़ियों के लिए मार्गदर्शक बना रहेगा
साहस, सत्य और सेवा के संगम का प्रतीक।
“गुरु तेग़ बहादुर जी ने सिखाया- धर्म की रक्षा के लिए शीश कटाना बेहतर है, आत्मसमर्पण नहीं।”