हमीरपुर । ओमान और ईरान के बीच शिपिंग कंपनी के जहाज पर हुए हमले में जान गंवाने वाले हमीरपुर जिले की ग्राम पंचायत हड़ेटा के भालू गांव निवासी मर्चेंट नेवी अफसर आदित्य शर्मा का अंतिम संस्कार वीरवार दोपहर उनके पैतृक गांव के मोक्षधाम में कर दिया गया। परिजनों, ग्रामीणों और प्रशासनिक अधिकारियों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी।

इससे पहले डॉ. राधाकृष्णन राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल हमीरपुर में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पार्थिव शरीर परिजनों को सौंपा गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आदित्य के सिर पर गहरी चोट के निशान मिले हैं। दोपहर को जैसे ही पार्थिव शरीर गांव पहुंचा, पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल छा गया और अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग उमड़ पड़े।
अंतिम संस्कार में उपायुक्त गंधर्वा राठौड़, नादौन के एसडीएम निशांत शर्मा, गलोड़ के तहसीलदार केशव कुमार सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने आदित्य के पिता और परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के निर्देशानुसार प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन शोक संतप्त परिवार के साथ खड़ा है तथा हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।








