हमीरपुर। जल्दी अमीर बनने और कम समय में कई गुणा मुनाफा कमाने के लालच में सुजानपुर क्षेत्र का एक सेना का जवान साइबर ठगों के जाल में फंस गया। कथित हेल्थकेयर कंपनी के नाम पर आरोपियों ने उसे तीन से चार महीने में निवेश तीन से चार गुना होने, विदेश यात्राओं और लग्जरी लाइफस्टाइल का सपना दिखाया। झांसे में आकर जवान ने बैंक से ऋण लिया और अलग-अलग किस्तों में करीब 5.75 लाख रुपये कंपनी के खाते में जमा कर दिए। राशि जमा होने के बाद कंपनी के कथित प्रतिनिधियों ने पहले बहाने बनाए और बाद में संपर्क करना ही बंद कर दिया। पैसे वापस मांगने पर लगातार टालमटोल किए जाने के बाद पीड़ित को अपने साथ ठगी का एहसास हुआ और उसने सुजानपुर थाना में शिकायत दर्ज करवाई।

वर्तमान में उत्तराखंड में तैनात पीड़ित जवान की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस बैंक लेनदेन, दस्तावेजों और डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
पुलिस अधीक्षक बलवीर सिंह ने लोगों से अपील की है कि किसी भी कंपनी में निवेश करने से पहले उसकी विश्वसनीयता, पंजीकरण और लाइसेंस की पूरी जांच करें तथा अधिक मुनाफे के लालच में आकर या ऋण लेकर निवेश करने से बचें। उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध निवेश योजना या गतिविधि की तत्काल पुलिस को सूचना दें, क्योंकि सतर्कता ही इस तरह की साइबर ठगी से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।








