हमीरपुर। राष्ट्रीय राजमार्ग-103 पर अमरोह क्षेत्र में बुधवार रात हुए भीषण सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। अमरोह चौक के समीप दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गए। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि टक्कर के बाद दोनों बाइकें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईंऔर सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार बुधवार रात करीब साढ़े नौ बजे अमरोह चौक पर एक मोटरसाइकिल अमरोह की ओर जाने के लिए सड़क पार कर रही थी। बताया जा रहा है कि बाइक आधे से अधिक सड़क पार कर चुकी थी, तभी नादौन की तरफ से तेज गति से आ रही दूसरी मोटरसाइकिल उससे जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकों पर सवार पांचों लोग सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज हमीरपुर पहुंचाया।
चिकित्सकों ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया, लेकिन दरबेली निवासी केवल कुमार की हालत अत्यंत गंभीर होने के कारण उन्हें पहले एम्स बिलासपुर रेफर किया गया। वहां से भी उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए पीजीआई चंडीगढ़ भेजा गया, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। पीजीआई ले जाते समय रास्ते में ही केवल कुमार ने दम तोड़ दिया।
हादसे में अन्य घायल लोगों का उपचार जारी
वहीं हादसे में घायल अन्य लोगों का उपचार जारी है। मामले की पुष्टि करते हुए बलवीर सिंह ने बताया कि सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति की उपचार के दौरान मौत हो गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है तथा आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।








