डीएसपी की सतर्कता से टला बड़ा हादसा, मामले की जांच में जुटी पुलिस
हमीरपुर। हमीरपुर जिला मुख्यालय स्थित सेशन कोर्ट परिसर में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक व्यक्ति लोडेड दूनाली बंदूक लेकर अदालत परिसर में पहुंच गया। घटना के बाद पूरे कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया।
जानकारी के अनुसार भोरंज उपमंडल से संबंधित एक व्यक्ति सुबह दूनाली बंदूक के साथ कोर्ट परिसर में दाखिल हुआ।

इसी दौरान किसी कार्य से अदालत पहुंचे डीएसपी की नजर उस पर पड़ी। चुनावी आचार संहिता के दौरान हथियार के साथ मौजूद व्यक्ति को देखकर डीएसपी ने उससे पूछताछ करनी चाही। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पूछताछ के दौरान व्यक्ति ने कथित रूप से डीएसपी की ओर बंदूक तान दी, जिससे मौके पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। हालांकि डीएसपी ने सूझबूझ और तत्परता का परिचय देते हुए स्थिति को नियंत्रित किया और पुलिस बल की मदद से आरोपी को काबू कर लिया। सूचना मिलते ही पुलिस के अतिरिक्त जवान मौके पर पहुंच गए और पूरे कोर्ट परिसर को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया।
जानकारी के अनुसार आरोपी का न्यायालय में एक पारिवारिक विवाद से जुड़ा मामला भी लंबे समय से विचाराधीन है। पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वह हथियार लेकर अदालत परिसर में क्यों पहुंचा था। साथ ही उसकी मानसिक स्थिति की भी जांच की जा रही है। घटना ने कोर्ट परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
पंचायती राज चुनावों के मद्देनजर प्रदेशभर में आदर्श आचार संहिता लागू है तथा लाइसेंसी हथियार धारकों को अपने हथियार संबंधित थानों में जमा करवाने के निर्देश जारी किए गए हैं। ऐसे में आरोपी के पास हथियार होने और उसके जमा न होने के कारणों की भी जांच की जा रही है।
सेशन कोर्ट परिसर में हथियार के साथ पहुंचे व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और पूछताछ के आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।-बलबीर सिंह, एसपी हमीरपुर।








