हमीरपुर । सुजानपुर थाना क्षेत्र की लंबरी पंचायत के जियाणा गांव में एक 14 वर्षीय लड़की की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। पुलिस ने घटना स्थल से बरामद सुसाइड नोट के आधार पर आठ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसके बाद पैतृक गांव में अंतिम संस्कार किया गया।

पुलिस के अनुसार, शनिवार शाम लड़की अपने कमरे में अचेत अवस्था में मिली। परिजनों ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जांच के दौरान लड़की के कमरे से एक हस्तलिखित सुसाइड नोट बरामद हुआ। पुलिस का कहना है कि इस नोट में पड़ोस में रहने वाले एक परिवार के कुछ सदस्यों के नाम लिखे गए हैं। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि घटना से पहले मृतका के पिता और पड़ोसी परिवार के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके संबंध में दोनों पक्षों की बैठक भी हुई थी।
पुलिस ने सुसाइड नोट और अन्य बरामद साक्ष्यों के आधार पर संबंधित लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उनसे पूछताछ शुरू कर दी है। हमीरपुर के पुलिस अधीक्षक बलबीर सिंह ने इस संबंध में पुष्टि करते हुए बताया कि सुसाइड नोट के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच जारी है। संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है।








