हमीरपुर। हमीरपुर जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। यहां पर एक जीप और ट्रक की जोरदार टक्कर हो गई। वहीं, इस हादसे में एक युवक की मौत हो गई है, जबकि दो अन्य घायल हुए हैं।
जानकारी के अनुसार, यह घटना बुधवार सुबह शिमला-धर्मशाला नेशनल हाईवे पर गांव ठमाणी-चमयाली के पास हुई। मृतक की पहचान रोहित पुत्र अजीत सिंह, निवासी नहलवीं के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि जीप दूध की सप्लाई के लिए मैड़ की ओर जा रही थी। जीप को लवेश पटियाल (निवासी धनवीं जिला हमीरपुर) चला रहा था। इसमें लवेश का भाई शौर्य और दोस्त रोहित भी था।

इस दौरान ठमाणी-चमयाली के पास जीप की ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि जीप के परखच्चे उड़ गए। इस हादसे में जीप में सवार रोहित की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दोनों भाई लवेश और शौर्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस कर रही मामले की जांच
इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया है। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। वहीं, घायलों का इलाज आरकेएमसी (राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल) हमीरपुर में चल रहा है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।








