चोरों ने पुलिस थाने से महज 200 मीटर की दूरी पर दिया बारदात को अंजाम
हमीरपुर। पुलिस थाना से महज 200 मीटर की दूरी शहर का व्यस्त बाजार और इसी इलाके में रात के अंधेरे में चोरों ने मनियारी की दुकान का ताला तोड़कर हजारों रुपये का सामान और नकदी उड़ा दी। वारदात को अंजाम देने के बाद चोरों ने ऐसा कदम उठाया जिसने पूरे मामले को और भी चौंकाने वाला बना दिया। दुकान का पुराना ताला तोड़कर अपने साथ ले जाने के बाद चोर जाते-जाते अपना ताला लगाकर फरार हो गए, ताकि सुबह तक किसी को चोरी का शक न हो।

रविवार सुबह दुकान पर पहुंचे कर्मचारी ने शटर पर नया ताला देखा तो उसे संदेह हुआ। ताला खोलकर अंदर पहुंचने पर दुकान में चोरी होने का खुलासा हुआ। तत्काल दुकान मालिक को सूचना दी गई और मामला पुलिस तक पहुंचाया गया।
दुकान मालिक शक्ति चंद कपिल के मुताबिक शनिवार रात करीब दस बजे से रविवार सुबह चार बजे के बीच चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। चोर शटर का ताला तोड़कर दुकान के भीतर दाखिल हुए और करीब 28 हजार रुपये कीमत के तैयार हार, गल्ले में रखी करीब पांच हजार रुपये की नकदी तथा कुछ अन्य सामान लेकर फरार हो गए। दुकान के भीतर सामान गायब मिलने के बाद चोरी की रकम और सामान का आकलन किया जा रहा है।
वारदात का समय भी पुलिस के लिए अहम माना जा रहा है, क्योंकि रात करीब दस बजे तक बाजार में लोगों की आवाजाही रहती है और सुबह चार बजे के बाद शहर में फिर गतिविधियां शुरू होने लगती हैं। ऐसे में इन दोनों समय के बीच चोरों ने मौका देखकर दुकान को निशाना बनाया।
हमीरपुर शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल
इस वारदात ने हमीरपुर शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस स्थान पर चोरी हुई, वह पुलिस थाना से महज करीब 200 मीटर की दूरी पर है। शहर के बीचोंबीच और पुलिस थाना के इतने नजदीक दुकान का ताला टूटना रात्रिकालीन गश्त और निगरानी व्यवस्था को लेकर सवाल पैदा कर रहा है। हालांकि चोरी को अंजाम देने वाले कितने लोग थे और उन्होंने किस तरीके से वारदात को अंजाम दिया, इसका खुलासा पुलिस जांच के बाद ही होगा।
सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने की तैयारी में पुलिस
पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने की तैयारी में है। चोरी वाली दुकान के नजदीक एटीएम के बाहर सीसीटीवी कैमरा लगा हुआ है, जबकि दूसरी दिशा में स्थित एक अन्य दुकान में भी कैमरा होने की जानकारी सामने आई है। ऐसे में पुलिस इन कैमरों की फुटेज के जरिए रात के समय संदिग्ध लोगों की आवाजाही, उनके आने-जाने के रास्ते और वारदात से जुड़े अन्य सुराग तलाश सकती है। खास बात यह है कि चोर दुकान से सामान और नकदी लेकर फरार तो हो गए, लेकिन दुकान पर अपना ताला लगाकर गए हैं। फिलहाल मामला पुलिस तक पहुंच चुका है और जांच आगे बढऩे के साथ चोरी की इस वारदात की परतें खुलने की उम्मीद है।








