रविंद्र चंदेल। नादौन
जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में नियंत्रण रेखा के पास शनिवार अल सुबह पाकिस्तान ने संघर्षविराम का उल्लंघन कर अग्रिम चौकियों पर भारी गोलीबारी की, जिसमें भारतीय सेना का एक जवान शहीद हो गया। एक रक्षा प्रवक्ता ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पाकिस्तानी सेना ने राजौरी सेक्टर में संघर्ष विराम का उल्लंघन किया। प्रवक्ता ने कहा, भारतीय सेना ने शत्रु की गोलीबारी का मुंहतोड़ जवाब दिया।
उन्होंने कहा कि गोलीबारी में सिपाही रोहिन कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए और बाद में उन्होंने दम तोड़ दिया। प्रवक्ता ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के नादौन उपमंडल के गलोड़ खास गांव के 25 वर्षीय सिपाही रोहिन कुमार बहादुर और निडर सैनिक थे। उन्होंने कहा कि कृतज्ञ राष्ट्र कुमार के सर्वाेच्च बलिदान को हमेशा याद रखेगा। पिछले एक महीने से कई सेक्टरों में दिन में एक से दो बार पाकिस्तान की ओर से गोलीबारी की जा रही है।
घटना का समाचार मिलते ही हिमाचल प्रदेश में शोक की लहर दौड़ पड़ी है। जिला परिषद सदस्य बिहारी लाल शर्मा, भाजपा महामंत्री राजिंदर ठाकुर,भाजपा सचिव जगत राम शर्मा, दविंदर निक्कू, सुनीता देवी, हंस राज शर्मा, कृष्ण हिमाचली, अमरनाथ शर्मा आदि ने घटना शोक जताते हुए शहीद के परिवार के प्रति संवेदना जताई है।