हमीरपुर। जिला पुलिस ने वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। सदर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर कुलवंत सिंह राणा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जम्मू-कश्मीर के राजौरी क्षेत्र में दबिश देकर गिरोह के एक शातिर सदस्य को गिरफ्तार किया है। वहीं, गिरोह के दो अन्य सदस्यों की पहचान कर ली गई है और उनकी तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।

पुलिस के अनुसार यह गिरोह लंबे समय से हमीरपुर जिले में सक्रिय था और अब तक आधा दर्जन से अधिक वाहनों की चोरी की घटनाओं को अंजाम दे चुका है। हाल ही में हमीरपुर बाईपास क्षेत्र से एक पेठा कारोबारी की इको वैन चोरी होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विशेष जांच अभियान शुरू किया।
जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय लोगों से जुटाई गई जानकारी का बारीकी से विश्लेषण किया। सुराग मिलने पर पुलिस टीम जम्मू-कश्मीर के लिए रवाना हुई और वीरवार सुबह राजौरी में दबिश देकर गिरोह के एक मुख्य सदस्य को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की। आरोपी से पूछताछ के दौरान कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आई हैं, जिनके आधार पर अन्य आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।
चोरी हुई इको वैन भी बरामद
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान चोरी हुई इको वैन को भी बरामद कर लिया है। वाहन की बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी को पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। पुलिस का मानना है कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ में जिले में हुई अन्य वाहन चोरी की घटनाओं से भी पर्दा उठ सकता है।
वाहन चोरी की शिकायत मिलने के बाद विशेष जांच टीम गठित कर कार्रवाई की गई थी। सदर थाना पुलिस ने वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है तथा चोरी किया गया वाहन भी बरामद कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है और जल्द ही गिरोह के अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस अन्य मामलों में भी गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर रही है, ताकि गिरोह के नेटवर्क और उसकी गतिविधियों का पूरा खुलासा किया जा सके।-राजेश उपाध्याय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक।








