रविंद्र चंदेल। भोरंज (हमीरपुर)
पूर्वी लद्दाख के गोलवान में चीनी सैनिकों के साथ झड़प में देश ने 20 सपूत खो दिए। इस झड़प में हमीरपुर जिले के तहत आती पंचायत कड़ोहता के 21 वर्षीय अंकुश ने भी शहादत का जाम पिया।
पंचायत प्रधान वीरेंद्र ने बताया कि बुधवार सुबह करीब 7:30 बजे अंकुश के घर में लेह से फोन आया कि मंगलवार रात हुई झड़प में उनका बेटा शहीद हो गया है। डेढ़ साल पहले ही अंकुश पंजाब रेजिमेंट में भर्ती हुआ था और उससे पहले उसके दादा और पिता भी पंजाब रेजिमेंट में ही अपनी सेवाएं दे चुके हैं। प्रधान के अनुसार शहीद का शव अभी लेह में ही है। शव को लेह से हवाई मार्ग के जरिये चंडीगढ़ लाया जाएगा। उसके बाद उसे पैतृक गांव लाया जाएगा।
उधर, प्रदेश कांग्रेस सोशल मीडिया के चेयरमैन अभिषेक राणा, कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर, प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल व प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष एवं विधायक राजेंद्र राणा समेत अन्य कार्यकर्ताओं ने अंकुश ठाकुर की शहादत पर गहरा शोक व्यक्त किया है।