चंद्रमोहन चौहान / राजीव भनोट। ऊना
कोरोनाकाल में घोटालों, महंगाई और लाहौल-स्पीति में महिलाओं पर केस दर्ज करने को लेकर वीरवार को हरोली में महिला कांग्रेस ने रोष प्रदर्शन किया। ब्लॉक महिला कांग्रेस अध्यक्षा सुमन ठाकुर की अगुवाई में महिला कार्यकर्ताओं ने केंद्र और प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए रैली निकाली। इसके बाद एसडीएम हरोली के माध्यम से महामहिम राज्यपाल को ज्ञापन भेज सीएम जयराम ठाकुर से इस्तीफे की मांग भी की।
इस अवसर प्रदेश महिला कांग्रेस सचिव सुभद्रा देवी, जिला कांग्रेस के अध्यक्ष रणजीत राणा व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विनोद बिटॅटू विशेष रूप से उपस्थित रहे। महिला कांग्रेस के प्रतिनिधियों ने एसडीएम हरोली के माध्यम से राज्यपाल को एक ज्ञापन भेजा जिसमें सरकार पर कार्रवाई करने की मांग उठाई गई, वहीं लाहौल-स्पीति की महिलाओं पर दर्ज किए गए मामले को वापस लेने का आग्रह किया गया।
हरोली महिला कांग्रेस की अध्यक्ष सुमन ठाकुर और प्रदेश सचिव सुभद्रा देवी ने कहा कि प्रदेश में जयराम सरकार महिलाओं पर अत्याचार कर रही है। उन्होंने कहा कि महिला कांग्रेस प्रदेश में महिलाओं पर अत्याचार सहन नहीं करेगी। महिला नेताओं ने कहा कि कोरोना संकट के बीच भ्रष्टाचार भाजपा के नेतृत्व द्वारा किया गया है, यह शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि इस मामले की जांच उच्च स्तरीय होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को इस्तीफा देना चाहिए।