हरोली। पुलिस थाना हरोली के गांव पोलियां बीत में पैसों के लेन-देन को लेकर दो भाइयों के बीच हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट और हमला करने के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने दोनों की शिकायतों के आधार पर क्रॉस एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी शिकायत में हुसन सिंह ने आरोप लगाया कि वह खेतों की ओर जा रहा था। इसी दौरान पैसों के लेन-देन को लेकर छोटे भाई सुरिंद्र सिंह से कहासुनी हो गई। आरोप है कि सुरिंद्र सिंह ने उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की, जबकि उसकी पत्नी शुभलता ने लकड़ी से उसके सिर पर वार कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। इसके बाद उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरोली ले जाया गया, जहां उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया।
वहीं दूसरे पक्ष ने भी पुलिस को शिकायत देकर हुसन सिंह पर मारपीट और हमला करने के आरोप लगाए हैं। दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर थाना हरोली में अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई हैं।
डीएसपी हरोली मोहन रावत ने बताया कि घटनास्थल से जुड़े सभी तथ्यों, गवाहों के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है।








