शिमला। भाजपा नेता एवं राज्यसभा सदस्य हर्ष महाजन की शनिवार को अचानक तबीयत बिगड़ गई। वह सीटीओ के समीप भाजपा के धरना-प्रदर्शन में शामिल हुए थे। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया और राज्य सरकार के खिलाफ पार्टी का पक्ष रखा। संबोधन के बाद जब वह नीचे आए और मीडिया से बातचीत कर रहे थे, तभी उन्हें अचानक चक्कर आ गया।

महाजन की तबीयत बिगड़ते ही वहां मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं और उनके साथ आए लोगों ने तुरंत उन्हें संभाला। मौके पर एचआरटीसी की टैक्सी की व्यवस्था की गई और उन्हें तत्काल उपचार के लिए इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (आईजीएमसी) शिमला ले जाया गया। उन्हें सीसीयू में शिफ्ट किया गया है। सीटी स्कैन में हार्ट ब्लॉकेज आई है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनकी कुशलक्षेम की जानकारी ली और अस्पताल पहुंचकर चिकित्सकों से उनके स्वास्थ्य की जानकारी प्राप्त की।
डॉक्टरों की टीम स्वास्थ्य का कर रही परीक्षण
जानकारी के अनुसार, उन्हें अचानक चक्कर आने के कारण अस्पताल ले जाया गया है, जहां डॉक्टरों की टीम उनका स्वास्थ्य परीक्षण कर रही है। फिलहाल उनकी स्थिति पर चिकित्सकों की निगरानी बनी हुई है। भाजपा नेताओं ने उम्मीद जताई है कि उपचार के बाद उनकी तबीयत जल्द सामान्य हो जाएगी।








