प्रेम प्रसंग से जुड़ा मामला, पुलिस ने हरियाणा में पकड़ा आरोपी
नाहन। जिला सिरमौर के जंगल में मिला अधजला शव हरियाणा की युवती का था। पुलिस ने मामले में आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि यह मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ था। पांवटा साहिब उपमंडल के धौलाकुआं क्षेत्र की कोलर पंचायत के जंगल में युवती का अधजला शव मिला था। वहीं पुलिस जांच में सामने आया कि युवती की हत्या हरियाणा के जिला अंबाला में की गई थी, इसके बाद शव को हिमाचल प्रदेश लाकर जंगल में आग के हवाले कर दिया गया। वहीं युवती की हत्या के मामले में जिला अंबाला के बराडा निवासी संदीप शर्मा को माजरा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

प्रेम प्रसंग से जुड़ा मामला
अंबाला की बराडा पुलिस और माजरा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपित संदीप निवासी बराडा जिला अंबाला को पांवटा साहिब के बातापुल के समीप से गिरफ्तार किया। प्रारंभिक जांच में यह मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। वहीं जांच के दौरान आरोपी और एक अन्य व्यक्ति शव को रेहड़ी पर ले जाते हुए सीसीटीवी कैमरों में कैद हुए थे।








