वरिष्ठ संवाददाता : शिमला
प्रदेश में 21 से 23 मई तक भारी बारिश, तूफान व ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है। मौसन विज्ञान केंद्र ने अलर्ट जारी करते हुए राज्य के किसानों व बागवानों को फसलों को बचाने के लिए सुरक्षा उपाय करने का आह्वान किया है। शुक्रवार को भी प्रदेश के अधिकतर क्षेत्रों में बारिश होने का अलर्ट जारी किया गया था, लेकिन समूचे क्षेत्रों में दोपहर तक मौसम साफ बना रहा और तेज धूप खिली रही। दोपहर बाद आसमान में बादल छाने शुरू हो गए थे। इसके चलते शाम के समय मौसम सुहावना बना रहा। शुक्रवार को अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री तक का उछाल आया है। तापमान में बढ़ोतरी होने से पहाड़ों पर भी गर्मी से लोग बेहाल हो गए हैं। मैदानी इलाकों में प्रचंड गर्मी पड़ रही है।
24 घंटे से मौसम बना शुष्क
प्रदेश में बीते 24 घंटों के दौरान मौसम शुष्क बना हुआ है। इससे न्यूनतम तापमान में इजाफा रिकॉर्ड किया गया है। न्यूनतम तापमान में एक डिग्री तक की बढ़ोतरी आई है। तापमान में उछाल आने से रात को भी लोग गर्मी से बेहाल हो गए हैं। आगामी दिनों में बारिश होती है तो लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है। लेकिन तूफान व ओलावृष्टि फसलों के लिए नुकसानदायक साबित हो सकती है।
प्रदेश में तीन दिन के दौरान भारी बारिश होगी। बारिश के साथ-साथ तूफान व ओलावृष्टि भी कहर बरपाएगी। किसानों व बागवानों से आह्वान किया जाता है कि खड़ी फसलों के बचाने के लिए सुरक्षा उपाय करके रखें।
-सुरेंद्र पाल, निदेशक
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला।