देवेंद्र गुप्ता । सुंदर नगर :
सुंदरनगर रेस्ट हाउस चौक पर अवैध रुप से रातों-रात बनाए गए पक्के खोखों को लेकर हो रहे विवाद के बाद बुधवार को मौका पर निशानदेही की गई है। नगर परिषद व लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों की उपस्थिति में राजस्व विभाग की निशानदेही में कब्जा की गई भूमि पर कृषि विभाग का मालिकाना हक निकला है। वहीं मौका पर कब्जा करने वाले लोगों की सूची भी राजस्व विभाग ने बनाई है। जिसके बाद अवैध खोखा धारकों में हड़कंप मच गया है।
गौरतलब है कि सुंदरनगर के रेस्ट हाउस चौक पर पिछले दिनों कुछ लोगों ने रातों रात करीब आधा दर्जन पक्के खोखे खड़े कर दिए थे। खोखे बनने पर स्थानीय लोगों द्वारा इस मामले को लेकर भारी विरोध हो रहा था। इसी दौरान स्थानीय समाजसेवी हितेश शर्मा व राहुल कपूर दो युवाओं ने अवैध कब्जा को लेकर प्रदेश उच्च न्यायालय, स्थानीय व जिला प्रशासन को भी शिकायत दे इसकी जांच की मांग की है। ताजा घटनाक्रम में बुधवार को प्रदेश उच्च न्यायालय के निर्देश के बाद राजस्व विभाग ने मौका पर निशानदेही की है। जिसमें कब्जाई गई भूमि कृषि विभाग की मलकियत निकली है। कानूनगो राजपाल चंदेल ने बताया निर्देश मिलने के बाद मौका पर की गई निशानदेही की रिपोर्ट तैयार की जा रही है।








