17 मई को मतदान, 6 मई को नाम वापसी का दिन
शिमला। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा 51 शहरी निकायों के सामान्य चुनाव के लिए जारी कार्यक्रम के तहत नामांकन प्रक्रिया का अहम चरण मंगलवार को पूरा हो गया है। आयोग की ओर से 21 अप्रैल को अधिसूचना जारी की गई थी जिसके अनुसार 4 मई को नामांकन पत्रों की जांच की गई जबकि कुछ स्थानों पर यह प्रक्रिया 5 मई को पूरी हुई। बुधवार को नाम वापसी का दिन तय किया गया है जिसके बाद स्थिति साफ हो जाएगी कि चुनावी मैदान में कितने लोग कहां-कहां पर चुनाव लड़ेंगे।

आयोग के अनुसार कुल 1426 नामांकन पत्र प्राप्त हुए थे जिनमें से 32 नामांकन पत्र अस्वीकृत कर दिए गए हैं जबकि 1394 नामांकन पत्रों को वैध पाया गया है। सभी 1394 प्रत्याशी अब विधिवत चुनाव मैदान में हैं। चुनाव कार्यक्रम के तहत 6 मई को दोपहर 3 बजे के बाद नामांकन वापस लेने की प्रक्रिया पूरी होते ही उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे। मतदान 17 मई को सुबह 7 बजे से शाम 3 बजे तक ईवीएम के माध्यम से कराया जाएगा।
कुछ वार्डों में केवल एक ही उम्मीदवार ने भरा नामांकन, वहां निर्विरोध चुनाव तय
कुछ वार्डों में केवल एक ही उम्मीदवार ने नामांकन भरा है जिससे वहां निर्विरोध चुनाव तय माना जा रहा है। इनमें कुल्लू जिले की नगर पंचायत बंजार वार्ड-6, मंडी जिले की नगर पंचायत रिवालसर वार्ड.1 और करसोग वार्ड-1, शिमला जिले की नगर पंचायत नेरवा वार्ड-2 और 6 तथा चिड़गांव वार्ड-2 शामिल हैं। वहीं मंडी जिले की नगर पंचायत करसोग के वार्ड-7 में कोई भी नामांकन दाखिल नहीं हुआ है।
कांगड़ा में सबसे अधिक नामांकन
जिलावार आंकड़ों के अनुसार कांगड़ा में सबसे अधिक 268 नामांकन स्वीकृत हुए हैं जबकि हमीरपुर में सबसे कम 53 नामांकन स्वीकृत हुए हैं। इसके अलावा नगर परिषद रोहडू और नगर पंचायत नारकंडा के लिए नामांकन प्रक्रिया का पहला दिन 5 मई को रहा जिसमें रोहडू में 4 नामांकन पत्र दाखिल हुए जबकि नारकंडा में कोई भी नामांकन नहीं हुआ। राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव सुरजीत सिंह राठौर ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।








