व्यापारियों की पहली पसंद बनी नाशपाती, बागवानों को मिल रहे बेहतर दाम
शिमला। हिमाचल प्रदेश की मंडियों में सेब की एंट्री हो गई है। कम ऊंचाई वाले इलाकों से अर्ली वैरायटी का सेब अब फल मंडियों में पहुंचना शुरू हो गया है। बागवानों को इसके अच्छे दाम भी मिल रहे हैं। इतना ही नहीं नाशपाती भी अच्छी मात्रा में पहुंचना शुरू हो गई है। नाशपाती के भी बागवानों को अच्छे दाम मिल रहे हैं, व्यापारियों की भी पहली पसंद बन नाशपाती बनी हुई है।

सेब और नाशपाती का शुरुआती दौर शुरू
ढली फल मंडी में आढ़ती यूनियन के प्रधान ज्ञान ठाकुर का कहना है कि हालांकि सेब और नाशपाती फिलहाल अपनी शुरुआत दौर में है और मंडियों में स्टोन फ्रूट बड़ी मात्रा में पहुंच रहा है। स्टोन फ्रूट के लिए बागवानों को उम्मीद से बेहतर दाम मिल रहे हैं। इसके अलावा सेब और नाशपाती अच्छे दामों पर बिक रहा है। हिमाचल प्रदेश की कई मंडियों में अर्ली वैरायटी का सेब पहुंचना शुरू हो गया है। ढली मंडी में भी आज टाइड मैन अर्ली वैरायटी के सेब ने दस्तक दी है।
सेब का 1500 से 2300 रुपये प्रति बॉक्स मिल रहा दाम
बागवानों को आज मंडी में टाइड मैन वैरायटी के सेब के लिए 1500 रुपए से 2300 रुपए प्रति बॉक्स का दाम मिल रहा है, हालांकि सेब पहुंचना अभी शुरू ही हुआ है। सेब सीजन की बेहतर शुरुआत हो गई है। शुरुआती दौर में ही अच्छी कीमत मिलने से बागवानों को उम्मीद है कि आने वाले समय में उनकी फसल की उन्हें अच्छी कीमत मिलेंगी।

नाशपाती बिक रही अच्छे दामों पर
मंडियों में इन दिनों नाशपाती अच्छे दामों पर बिक रही है। ढली फल मंडी बुधवार को नाशपाती 1000 रुपये से 1600 रुपये प्रति हाफ बक्सा बिक रही है, यानी पूरे बक्से की कीमत करीब 2000 से 3200 तक पहुंच रही है। मंडियों में नाशपाती पहुंचना अभी शुरू हुई है और इसके लिए अच्छे दाम भी मिल रहे हैं। इसके अलावा स्टोन फू्रट बड़ी मात्रा में अभी मंडियों में पहुंच रहा है। जिसके चलते बागवानों के चेहरों पर भी खुशी नजर आ रही है।







