शिमला। हिमाचल प्रदेश के छह जिलों—ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, मंडी, शिमला और सिरमौर—में मौसम विभाग ने बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। रविवार से बारिश में कमी आने की संभावना जताई गई है। 24 अगस्त को शिमला, मंडी और सिरमौर के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है, जबकि अन्य स्थानों पर मौसम साफ रहने का अनुमान है। 25 अगस्त को प्रदेशभर में आसमान साफ रहने की संभावना है। वहीं, 26 अगस्त को कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला और किन्नौर के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। वर्तमान में प्रदेश में 316 सड़कें बंद, 110 ट्रांसफार्मर ठप और 131 पेयजल योजनाएं प्रभावित हैं।
शुक्रवार को राजधानी शिमला में हल्के बादलों के बावजूद दिनभर धूप खिली। कांगड़ा जिले में भी दोपहर तक मौसम साफ रहा, लेकिन शाम को धर्मशाला में तेज बारिश हुई। बीते 24 घंटों में यहां 31 घरों, 25 पशुशालाओं, एक दुकान और एक रसोईघर को नुकसान पहुंचा है। चंबा में धूप के कारण लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ा। साफ मौसम होने से होली और भरमौर हेलीपैड से श्रद्धालु हेली टैक्सी के जरिये गौरीकुंड पहुंचे और वापसी भी की।
कुल्लू में दो दिन से मौसम शुष्क बना हुआ है। हालांकि, जिले के कई इलाकों में अब भी बिजली आपूर्ति ठप है और लगभग 100 सड़कें भूस्खलन से बाधित हैं। शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित रही। शुक्रवार को बंजार में नए बस अड्डे के पास पहाड़ी से भूस्खलन हुआ, जिससे एनएच-305 आठ घंटे तक बंद रहा।
ऊना और हमीरपुर जिलों में शुक्रवार को साफ मौसम बना रहा। धूप निकलने से किसानों ने खेती-बाड़ी के काम तेज कर दिए हैं।