कहा-चिट्टे के खिलाफ लड़ाई को राजनीतिक मुद्दा न बनाए भाजपा
शिमला । हिमाचल प्रदेश विधानसभा बजट सत्र के दूसरे चरण का आज तीसरा दिन है। इस दौरान मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू विधानसभा में विपक्षी दल भाजपा पर खूब बरसे। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा पुलिस का मनोबल तोडऩे का काम कर रही है, हमारी सरकार चिट्टे को मिटाने के लिए पुलिस के साथ खड़ी है। इसके साथ ही तस्करों पर कड़ी कार्रवाई के लिए पुलिस बधाई की पात्र है। उन्होंने कहा कि एलएसडी नशे की तस्करी में शामिल एसटीएफ कर्मचारियों को भी पुलिस ने ही पकड़ा है।
उन्होंने कहा कि चिट्टे के खिलाफ सरकार का अभियान जारी रहेगा, चाहे कोई भी हो, किसी को नहीं छोड़ेंगे। इसके साथ उन्होंने कहा कि भाजपा चिट्टे के खिलाफ लड़ाई को राजनीतिक मुद्दा न बनाए, यह जनहित का मुद्दा है। चिट्टे के खिलाफ सख्त अभियान जारी रहेगा, मई-जून में मंडी में एंटी चिट्टा वॉकथान होगी, उसमें नेता प्रतिपक्ष व भाजपा नेता भी आमंत्रित हैं।

चिट्टे के खिलाफ लड़ाई न बने राजनीतिक मुद्दा
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू विधानसभा में विपक्षी दल भाजपा पर बरसे। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष सदन में सनसनी फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। नशा 3 साल में घर-घर नहीं पहुंचा, हमारी सरकार तो 3 साल पहले ही सत्ता में आई। हमारी सरकार ने नशा तस्करों की कमर तोडऩे का काम किया है, कोई संरक्षण नहीं दिया। 11 पुलिस कर्मी व 9 अन्य सरकारी कर्मचारी नौकरी से बर्खास्त किए गए। पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर 5 साल सोए रहे और नशा घर-घर तक पहुंच गया। चिट्टे के घर-घर पहुंचने के लिए पूर्व जयराम सरकार दोषी है, पूर्व सरकार ने चिट्टे को घर-घर पहुंचाने में योगदान दिया। भाजपा चिट्टे को समाप्त करने में सहयोग देने के बजाय राजनीतिक रोटियां सेंक रही है।
भाजपा विधायक बिक्रम सिंह बिना ब्रेक की गाड़ी : सुक्खू
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने विधानसभा में कहा कि भाजपा विधायक बिक्रम सिंह ठाकुर बिना ब्रेक की गाड़ी है। वह बोलते समय रुकते नहीं, कुछ भी बोल देते हैं। हमारी सरकार ने रोबोटिक सर्जरी की मशीन 27 करोड़ रुपये में खरीदी है, उसी कंपनी द विंची की मशीन एम्स दिल्ली में 28 करोड़ रुपये में खरीदी गई है। बिक्रम ठाकुर ने कहा कि दस करोड़ रुपये में द विंची की मशीन उपलब्ध है, इसलिए वह सदन में इससे जुड़े दस्तावेज प्रस्तुत करें। 25 मार्च तक वह सदन में मशीन से जुड़े दस्तावेज उपलब्ध करवाएं, अन्यथा उनकी विधानसभा सदस्यता रद होनी चाहिए।
नए विधायक विधानसभा में सही भाषा का करें इस्तेमाल
मुख्यमंत्री ने कहा कि नए विधायक सही भाषा का इस्तेमाल विधानसभा में करें। मुख्यमंत्री सुक्खू ने राज्यपाल महोदय के अभिभाषण पर लाए धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा हुई, जिसमें उन्होंने विस्तृत रूप से जवाब भी दिया। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने योजनाओं को धरातल पर उतारा है, ढगवार मिल्क प्लांट में किसानों से खरीदे जाने वाले दूध से विभिन्न प्रकार के उत्पाद बनेंगे, हिमाचल प्रदेश गाय व भैंस के दूध पर एमएससी देने वाला पहला राज्य है।
किसानों से 90 रुपये एमएसपी पर खरीदेंगे हल्दी
किसानों से 90 रुपये एमएसपी पर हल्दी खरीदेंगे, पिछली बार की तुलना इस बार हल्दी उगाने वाले किसानों का आंकड़ा दस से बारह गुणा बढ़ चुका है। सरकार को प्राकृतिक हल्दी का बीज तक नहीं मिल रहा। दक्षिण के राज्यों से बीज लाने की प्रक्रिया चल रही है। हल्दी की प्रोसेसिंग के लिए 20 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है, सरकार अपने संसाधनों से स्पाइस पार्क का निर्माण करने जा रही है।
पूर्व भाजपा सरकार ने हिमाचल की संपदा को लुटाया : सुक्खू
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की पूर्व भाजपा सरकार ने हिमाचल की संपदा को लुटाया है। लेकिन, हम संपदा को नहीं लुटने देंगे, सरकार सुन्नी-लुहरी व धौला सिद्ध प्रोजेक्ट को टेक ओवर करेगी। 5000 करोड़ रुपये के लिए 50 हजार करोड़ रुपये की प्रदेश की संपदा को निजी कंपनी को लूटने नहीं देंगे। जब हम तीनों प्रोजेक्ट के अधिग्रहण के लिए तैयार हैं तो एसजेवीएनएल उन्हें देने में आनाकानी कर रही है और 12 फीसदी फ्री रॉयल्टी के अलावा एक फीसद लोकल एरिया डवलपमेंट फंड भी देने को तैयार है, लेकिन सरकार अब प्रोजेक्ट्स का अधिग्रहण ही करेगी।








