हमीरपुर। जिला में सोमवार शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियों को गहरे शोक में बदल दिया। उखली स्थित टियाले दा घट के पास एक कार गहरी खाई में गिर गई, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे का शिकार हुए सभी लोग नवविवाहिता को उसके ससुराल छोड़कर लौट रहे थे।
जानकारी के अनुसार, अमनेड़ गांव की एक युवती का विवाह हाल ही में दंगोटा निवासी युवक से हुआ था। रिवाज के अनुसार सोमवार को युवती के परिजन एवं रिश्तेदार उसे ससुराल छोड़ने दंगोटा गए थे।
शाम को सभी छह लोग एक कार में वापस गांव लौट रहे थे, जैसे ही कार टियाले दा घट के निकट पहुंची, चालक ने अचानक नियंत्रण खो दिया और कार गहरी खाई में जा गिरी। खाई में गिरने के कारण कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। उसमें सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
वहीं, स्थानीय लोगों और अन्य वाहनों की मदद से घायलों को तुरंत मेडिकल कॉलेज हमीरपुर पहुंचाया गया। जहां उपचार के दौरान दुनी चंद और रघुवीर सिंह की मौत हो गई। अन्य घायलों की हालत खबर लिखे जाने तक गंभीर बनी हुई थी।
![]()








