सीएम की मंजूरी के बाद मिलेगी शिक्षकों को नियुक्ति, मंत्री बोले-150 प्रिंसिपल को भी जल्द मिलेगी नियुक्ति
शिमला। प्रदेश के सीबीएसई पैटर्न वाले सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की नियुक्ति को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने स्पष्ट किया है कि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह मेरिट के आधार पर ही होगी। उन्होंने कहा कि सरकार का रुख पूरी तरह साफ है और मुख्यमंत्री की मंजूरी मिलते ही नियुक्तियों का क्रम शुरू कर दिया जाएगा। राज्य सचिवालय में पत्रकारों से बातचीत के दौरान शिक्षा मंत्री ने बताया कि सीबीएसई स्कूलों के लिए गठित चार सदस्यीय कैबिनेट सब-कमेटी की बैठक में लिए गए निर्णय अब मुख्यमंत्री के समक्ष रखे जाएंगे। आवश्यकता पड़ने पर इन्हें मंत्रिमंडल की मंजूरी के लिए भी भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार की पूरी प्रक्रिया को उच्च न्यायालय से भी वैधता मिल चुकी है।

150 प्रिंसिपलों की नियुक्ति के लिए सूची तैयार
रोहित ठाकुर ने बताया कि 150 प्रिंसिपलों की नियुक्ति के लिए सूची तैयार कर ली गई है और लगभग 95 प्रतिशत प्रिंसिपल अपनी पसंद के स्कूलों का चयन कर चुके हैं। मुख्यमंत्री की स्वीकृति के बाद सबसे पहले प्रिंसिपलों की नियुक्ति होगी, जिसके बाद शिक्षकों की भर्ती मेरिट के आधार पर की जाएगी। उन्होंने कहा कि नई नियुक्तियों के बाद वर्तमान शिक्षकों के तबादलों को लेकर किसी प्रकार की समस्या नहीं आएगी। शिक्षा विभाग में पहले से बड़ी संख्या में पद रिक्त हैं, जहां आवश्यकता के अनुसार शिक्षकों का समायोजन किया जाएगा।
सरकारी स्कूलों में 16 हजार नए विद्यार्थियों का नामांकन हुआ
शिक्षा मंत्री ने स्कूल मर्जर नीति को सफल बताते हुए कहा कि इसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। इस वर्ष सरकारी स्कूलों में करीब 16 हजार नए विद्यार्थियों का नामांकन हुआ है। उन्होंने बताया कि पांच से कम विद्यार्थियों वाले 30 से 35 स्कूल बंद किए गए हैं, जबकि निर्धारित मानकों के अनुसार 60 से 70 स्कूलों का विलय किया गया है। इसके अलावा करीब 35 ऐसे स्कूल, जिनमें एक भी विद्यार्थी नामांकित नहीं था, उन्हें भी बंद कर दिया गया। शिक्षा मंत्री ने कहा कि जम्मू-कश्मीर के अध्ययन दौरे के दौरान वहां की शिक्षा व्यवस्था का विस्तृत अध्ययन किया गया। दूरदराज क्षेत्रों में एक वर्ष के लिए शिक्षकों की नियुक्ति तथा जिला स्तर पर ऑनलाइन स्कूल निरीक्षण जैसी व्यवस्थाएं प्रभावी हैं। इन उपयोगी मॉडलों को हिमाचल में लागू करने की दिशा में शिक्षा विभाग कार्य करेगा।
अतिथि भोज योजना होगी शुरू
रोहित ठाकुर ने बताया कि सरकारी स्कूलों में अतिथि भोज योजना शुरू की जाएगी। इसके तहत कोई भी व्यक्ति अपने जन्मदिन, विवाह, सेवानिवृत्ति या अन्य शुभ अवसर पर स्कूल के विद्यार्थियों के लिए पौष्टिक भोजन प्रायोजित कर सकेगा।








