हमीरपुर । हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग ने रसायन शास्त्र (कैमिस्ट्री) के शिक्षकों की भर्ती परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है। यह भर्ती फिक्स मानदेय के आधार पर 78 पदों (पोस्ट कोड 26018) को भरने के लिए की जा रही है। इन पदों के लिए बीते 3 जुलाई को कंप्यूटर बेस्ड स्क्रीनिंग टैस्ट का आयोजन किया गया था, जिसका परिणाम अब जारी कर दिया गया है।

चयन आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि इस स्क्रीनिंग टैस्ट में कुल 207 उम्मीदवारों ने सफलता हासिल की है। परीक्षा का विस्तृत परिणाम आयोग की आधिकारिक वैबसाइट hprca.hp.gov.in पर उपलब्ध करवा दिया गया है, जहां उम्मीदवार अपना रिजल्ट चैक कर सकते हैं।
जाने कब होगा दस्तावेजों का सत्यापन
लिखित परीक्षा में उत्तीर्ण हुए इन 207 उम्मीदवारों की डॉक्यूमैंट वैरीफिकेशन की प्रक्रिया 11 अगस्त को आयोजित की जाएगी। यह प्रक्रिया सुबह 10 बजे से हमीरपुर स्थित आयोग के परिसर में आरंभ होगी। सचिव ने स्पष्ट किया कि इस संबंध में सभी सफल उम्मीदवारों को उनकी पंजीकृत ई-मेल आईडी पर सूचना भेज दी जाएगी। आयोग ने डॉक्यूमैंट वैरीफिकेशन के लिए आने वाले उम्मीदवारों को कुछ अहम निर्देश भी जारी किए हैं। उम्मीदवारों को अपने साथ सभी आवश्यक दस्तावेजों की मूल प्रतियां, उनकी सैल्फ अटैस्टड फोटोकॉपी के 2-2 सैट, ऑनलाइन आवेदन पत्र की डाऊनलोड की गई कॉपी और एक वैध आईडी प्रूफ लाना अनिवार्य होगा।








