सीएम बोले-दमनकारी नीतियां अपना रही मोदी सरकार, कांग्रेस देश के युवाओं के साथ
शिमला। दिल्ली में सोमवार को युवाओं के ऊपर हुए लाठीचार्ज की घटना को लेकर हिमाचल प्रदेश में भी बवाल मच गया है। हिमाचल सरकार ने इस लाठीचार्ज की कड़ी निंदा करते हुए मंगलवार को लोक भवन के बाहर प्रदर्शन किया। खुद प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह ने इस प्रदर्शन का नेतृत्व किया जिसमें उनके साथ उनके कैबिनेट के मंत्री और कांग्रेस पार्टी के कई नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

सरकार और संगठन के नेता मिलकर शाम करीब 7:00 बजे के बाद लोक भवन पहुंचे जहां उन्होंने केंद्र सरकार की कार्यवाही के विरोध में प्रदर्शन किया। गौरतलब है कि सोमवार को सैकड़ों युवाओं के ऊपर दिल्ली में जंतर मंतर से संसद भवन के बीच लाठी चार्ज की घटना हुई है, जिससे पूरे देश में रोष है। विपक्ष प्रमुख विपक्षी दल होने के नाते कांग्रेस पार्टी ने भी मंगलवार को मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी के नेतृत्व में प्रधानमंत्री आवास के बाहर दिल्ली में धरना प्रदर्शन किया है।
लोकतांत्रिक प्रणाली में इस तरह से अत्याचार करना निंदनीय
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह ने दिल्ली में हुई घटना का जिक्र करते हुए इसकी कड़ी निंदा की और कहा कि लोकतांत्रिक प्रणाली में इस तरह से अत्याचार करना निंदनीय है। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं पर जिस तरह से दमनकारी नीति को अपनाया गया है वह बेहद शर्मनाक है जिसकी सभी ओर निंदा हो रही है। युवाओं के भविष्य के साथ लगातार खिलवाड़ किया जा रहा है और नीट पेपर लीक जैसे तोहफे युवाओं को दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के इस कार्यकाल में देश के भविष्य युवाओं को सिर्फ पेपर लीक ही मिला है इसके अलावा और कुछ हासिल नहीं हुआ।








