हमीरपुर। दीपावली के पावन अवसर पर हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड प्रदेश के 1444 पंजीकृत श्रमिक परिवारों को 6.10 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता राशि प्रदान करने जा रहा है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू 6 नवंबर को बोर्ड की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के तहत यह राशि श्रमिकों के बैंक खातों में हस्तांतरित करेंगे।

किस योजना के तहत कितनी मिलेगी राशि?
बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव सिंह कंवर ने बताया कि दीपावली के अवसर पर मिलने वाली यह आर्थिक सहायता श्रमिक परिवारों के लिए विशेष उपहार साबित होगी। उन्होंने बताया कि बोर्ड द्वारा प्रदान की जाने वाली इस आर्थिक सहायता में विवाह सहायता योजना के तहत 1.70 करोड़ रुपये, शिक्षा सहायता योजना के 3.14 करोड़ तथा चिकित्सा सहायता योजना के तहत 54,610 रुपये की राशि शामिल है। इसके अतिरिक्त मृत्यु एवं अंतिम संस्कार सहायता योजना के अंतर्गत 32.80 लाख रुपये तथा मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत 86.58 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। अन्य कल्याणकारी योजनाओं के तहत भी 5.10 लाख रुपये वितरित किए जाएंगे।
हमीरपुर के 148 श्रमिकों को मिलेंगे 64.94 लाख रुपये
इस आर्थिक सहायता वितरण में हमीरपुर जिले के 148 लाभार्थियों को शामिल किया गया है। जिले के श्रमिक परिवारों को कुल 64.94 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाएगी। जिलावार लाभार्थियों और सहायता राशि का पूरा विवरण इस प्रकार है:
| जिला | लाभार्थी | सहायता राशि |
|---|---|---|
| हमीरपुर | 148 | 64.94 लाख |
| चंबा | 50 | 14.12 लाख |
| सिरमौर | 29 | 15.38 लाख |
| मंडी | 440 | 1.61 करोड़ |
| किन्नौर | 168 | 64.92 लाख |
| कांगड़ा | 63 | 31 लाख |
| शिमला | 183 | 72.97 लाख |
| बिलासपुर | 173 | 65.53 लाख |
| ऊना | 142 | 1.05 करोड़ |
| सोलन | 10 | 5.95 लाख |
| कुल्लू | 38 | 9.45 लाख |








