प्रदेश के अन्य स्थानों पर होगा बसों का ट्रायल, जनवरी माह में हुए ट्रायल में सामने आई थी कई तकनीकि खमियां
शिमला। हिमाचल पथ परिवहन निगम के बेड़े में जल्द ही 297 इलैक्ट्रिक बसें शामिल होगी। बसों की डिलिवरी से पहले कंपनी द्वारा प्रदेश में ट्रायल के लिए बसें भेजी गई है। बुधवार को सोलन-अर्की-सोलन रूट पर एचआरटीसी और ऑलेक्ट्रा कंपनी का संयुक्त निरिक्षण समिति द्वारा ई-बस का ट्रायल किया गया है। जनवरी माह के दौरान हुए शुरूआती ट्रायल के दौरान जो कमियां पाई गई थी। उन्हें दूर करने के बाद अब दोबारा ट्रायल किया जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि जनवरी माह के दौरान हुए ट्रायल में कई तकनीकि खमियां सामने आई थी। कंपनी का दावा था कि एक बार बैटरी चार्ज बस 180 किलोमीटर चलेगी। हालांकि ट्रायल के दौरान बसों की मैदानी क्षेत्रों में तो माइलेज ठीक आ रही थी। मगर पहाड़ी क्षेत्रों में बसें इतनी माइलेज नहीं दे पा रही हैं। इसके अलावा निगम प्रबंधन द्वारा कंपनी को कई अन्य सुधार करने को कहा था। इसके बाद एचआरटीसी प्रबंधन ने इसकी रिपोर्ट कंपनी को भेज कर नए सिरे से ट्रायल करने को कहा था। अब प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर दोबारा से बसों में सुधार कर ट्रायल किए जा रहे है।
प्रबंधन कंपनी पर लगा चुका है जुर्माना
एचआरटीसी ने 2025 में ओलेक्ट्रा ग्रीनटैक लिमिटेड को 297 बसों की खरीद का ऑर्डर जारी किया था। 424.1 करोड़ रुपए का टैंडर है। कंपनी ने 11 महीने में यह ऑर्डर पूरा करने का आश्वासन दिया था। कंपनी को 9 जनवरी तक 50 प्रतिशत यानी 149 बसों की डिलीवरी करनी थी। जिसमें कंपनी सफल नहीं हुई है। इसके लिए एचआरटीसी प्रबंधन द्वारा कंपनी पर जुर्माना लगाया जा चुका है।







