रेलवे बोर्ड की मुहर, दिल्ली से करतोली तक पहुंचेगी हिमाचल एक्सप्रेस
ऊना। रेलवे बोर्ड ने दिल्ली-दौलतपुर चौक हिमाचल एक्सप्रेस (14053/14054) को करतोली तक विस्तारित करने तथा करतोली-अंबाला सिटी के बीच नई दैनिक एक्सप्रेस ट्रेन (14501/14502) शुरू करने के औपचारिक आदेश जारी कर दिए हैं। इससे पहले रेलवे बोर्ड की टाइम टेबल समिति इस प्रस्ताव को मंजूरी दे चुकी थी, जबकि अब आधिकारिक आदेश जारी होने के साथ ही नई रेल सेवाओं के संचालन का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है। माना जा रहा है कि उत्तर रेलवे जल्द ही इन ट्रेनों के संचालन की तिथि की घोषणा करेगा।

ये रहेगी समयसारिणी
रेलवे बोर्ड द्वारा जारी आदेशों के अनुसार हिमाचल एक्सप्रेस अब दौलतपुर चौक से आगे करतोली तक संचालित होगी। नई समय-सारिणी के अनुसार 14053 हिमाचल एक्सप्रेस रात 10:50 बजे दिल्ली से रवाना होकर अगले दिन सुबह 7:20 बजे दौलतपुर चौक तथा 7:50 बजे करतोली पहुंचेगी। वहीं 14054 करतोली-दिल्ली एक्सप्रेस रात 8:55 बजे करतोली से रवाना होकर अगले दिन सुबह 5 बजे दिल्ली पहुंचेगी। इसके अलावा रेलवे बोर्ड ने 14501/14502 करतोली-अंबाला सिटी एक्सप्रेस के संचालन को भी मंजूरी प्रदान की है। यह ट्रेन प्रतिदिन सुबह 8:30 बजे करतोली से रवाना होकर दोपहर 12:55 बजे अंबाला सिटी पहुंचेगी, जबकि वापसी में शाम 4:15 बजे अंबाला सिटी से चलकर रात 8:25 बजे करतोली पहुंचेगी। नई ट्रेन का ठहराव दौलतपुर चौक, अंब अंदौरा, ऊना हिमाचल, नंगल डैम, आनंदपुर साहिब, रूपनगर, मोरिंडा, सरहिंद और राजपुरा सहित प्रमुख स्टेशनों पर होगा। रेलवे बोर्ड ने उत्तर रेलवे को सभी आवश्यक औपचारिकताएं शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
जल्द शुरू होगा संचालन
रेलवे बोर्ड के निदेशक (कोचिंग) संजय आर. नीलम द्वारा जारी आदेश के अनुसार हिमाचल एक्सप्रेस का विस्तार करतोली तक करने तथा 14501/14502 करतोली-अंबाला सिटी एक्सप्रेस शुरू करने को मंजूरी प्रदान की गई है। आदेश में कहा गया है उत्तर रेलवे को आवश्यक औपचारिकताएं शीघ्र पूरी कर इन सेवाओं का संचालन जल्द शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।
ऊना में ट्रेनों की संख्या बढ़कर होगी 11
समय के साथ जिला ऊना की रेल कनेक्टिविटी लगातार मजबूत हो रही है। वर्तमान में ऊना हिमाचल और अंब-अंदौरा रेलवे स्टेशन तक कुल 10 नियमित ट्रेनें संचालित हो रही हैं। हाल ही में पश्चिम बंगाल को जोड़ने वाली गुरुमुखी एक्सप्रेस का विस्तार अंब-अंदौरा तक किया गया था। अब रेलवे बोर्ड ने करतोली-अंबाला सिटी के बीच नई दैनिक एक्सप्रेस ट्रेन शुरू करने को मंजूरी दे दी है। इसके शुरू होने के बाद जिला ऊना से होकर आवागमन करने वाली ट्रेनों की संख्या बढ़कर 11 हो जाएगी। नई ट्रेन से ऊना, अंब-अंदौरा, दौलतपुर चौक और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को अंबाला तथा आगे के शहरों तक बेहतर रेल संपर्क और अतिरिक्त यात्रा सुविधा मिलेगी।








